मुरैना बना एमपी का दूसरा ऐसा जिला, जहां मेडिकल, आयुर्वेद और हार्टिकल्चर कॉलेज होंगे स्थापित
आयुर्वेद, कृषि और उद्यानिकी में उच्च शिक्षा के लिए जो युवा इंदौर, जबलपुर व ग्वालियर पर निर्भर थे, उन्हें यह शिक्षा मुरैना में मुहैया होगी।
Publish Date: Tue, 17 Nov 2026 11:43:34 AM (IST)Updated Date: Tue, 17 Nov 2026 12:09:48 PM (IST)
निवी में क्वारी नदी के बीहड़ क्षेत्र में आयुर्वेद कालेज के लिए आवंटित जमीन l नईदुनियाHighLights
- ऐसाह में बन रहा हार्टिकल्चर कॉलेज
- निवी में खुलेगा नया आयुर्वेद कॉलेज
- छात्रों का महानगरों की ओर रुकेगा पलायन
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। चंबल अंचल उच्च शिक्षा के मामले में दशकों तक पिछड़ा रहा है। इसी मुरैना में नई इबारत लिखी जा रही है। यह प्रदेश का दूसरा जिला होगा, जहां मेडिकल, आयुर्वेद और हार्टिकल्चर कॉलेज होंगे। प्रदेश में यह तीनों कालेज केवल मंदसौर में हैं।
यह कालेज बनने से मुरैना से लेकर भिंड तक के छात्रों का उच्च शिक्षा के लिए महानगरों की ओर पलायन रुकेगा। आयुर्वेद, कृषि और उद्यानिकी में उच्च शिक्षा के लिए जो युवा इंदौर, जबलपुर व ग्वालियर पर निर्भर थे, उन्हें यह शिक्षा मुरैना में मुहैया होगी।
नेशनल हाईवे 44 किनारे बनकर तैयार हो चुका है कॉलेज
मुरैना में मथुरा की कंपनी का निजी मेडिकल कॉलेज धौलपुर रोड, नेशनल हाईवे 44 किनारे बनकर तैयार हो चुका है। इसके अलावा सरकारी मेडिकल कालेज के निर्माण की भी योजना है। करुआ गांव में सरकारी मेडिकल कालेज के लिए जमीन आवंटित हो चुकी है।
विधानसभा चुनाव 2023 की आचार संहिता से पहले मेडिकल कालेज का भूमिपूजन हुआ था, लेकिन अब तक न तो निर्माण के लिए बजट स्वीकृत हुआ और नहीं टेंडर जारी हुए। तीन साल से सरकार मेडिकल कालेज का संचालन पीपीपी माडल पर करवाने की बात करती रही है, लेकिन हुआ कुछ नहीं।
मथुरा की कंपनी के निजी मेडिकल कालेज के बाद सरकारी मेडिकल कालेज की उम्मीदें धुंधली होती जा रही थीं, लेकिन 6 नवंबर को मुरैना दौरे पर आए मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि मेडिकल कालेज के निर्माण का काम जल्द शुरू करवाने की बात कही। मुरैना मेडिकल कालेज बनने के बाद 100 सीटें एमबीबीएस की रहेंगी।
ऐसाह में बन रहा 160 करोड़ से हार्टिकल्चर कॉलेज
- हार्टिकल कॉलेज का निर्माण अंबाह तहसील के ऐसाह में हो रहा है, इसके लिए 130 हेक्टेयर जमीन का आवंटन हो चुका है।
- पहले यह कॉलेज पोरसा के रतनबसई में प्रस्तावित हुआ था, जहां भूमिपूजन तक हो चुका था। लेकिन बाद में ऐसाह में बनाने का निर्णय लिया।
- 160 करोड़ रुपये की लागत के इस महाविद्यालय का निर्माण झांसी के रानी लक्ष्मीबाई कृषि विश्वविद्यालय के अधीन हो रहा है।
- अभी निर्माण काम करीब 40 फीसद हो चुका है। इस कॉलेज में पौध संरक्षण, फल विज्ञान, सब्जी विज्ञान, फूलों की खेती से लेकर उद्यानिकी व वानिकी के अन्य विषयों की पढ़ाई होगी।
- इस कॉलेज की क्षमता का निर्णय झांसी कृषि विश्वविद्यालय लेगा।
आयुर्वेद कॉलेज के लिए जगह के चयन पर उठ रहे सवाल
एक साल पहले मुरैना के निवी में आयुर्वेद कॉलेज के निर्माण की मंजूरी मिली। आयुष विभाग के अनुसार आयुर्वेद कालेज में बीएमएस के 100 छात्रों की सीटें रहेंगी। यह आयुर्वेद कालेज साल 2027 के सत्र में शुरू होने की बातें हो रही हैं, लेकिन अब तक निर्माण के नाम पर एक ईंट तक नहीं रखी गई है। बड़ी समस्या यह है, कि 72 करोड़ की लागत से बनने वाले इस कालेज के लिए निवी गांव में जहां 7.52 हेक्टेयर जमीन आवंटित की है, वहां चार पहिया तो दूर दो पहिया वाहन पहुंचना भी मुश्किल है। क्वारी नदी के बीहड़ क्षेत्र में कालेज के लिए जमीन आवंटित की है।
हार्टिकल कालेज का निर्माण झांसी का रानी लक्ष्मीबाई कृषि विश्वविद्यालय करवा रहा है। हमारे स्तर पर कोई काम नहीं हो रहा। वहीं से सीटें व अन्य व्यवस्थाओं का निर्धारण होगा, लेकिन एक साल बाद कालेज शुरू हो सकता है। - एके कौशिक, सहायक संचालक, उद्यानिकी
इतनी जमीन हमें कहीं और नहीं मिल रही थी। आगे हास्टल और लैब भी बनेंगी। जहां जमीन आवंटित है, वहां कुछ दूरी पर एप्रोच रोड है, हाईवे भी पास है। आयुर्वेद कालेज निर्माण के लिए टेंडर हो चुके हैं, जल्द काम शुरू हो जाएगा। डॉक्टर सौरभ, जिला आयुष अधिकारी।