
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना में कृष्णा गुर्जर हत्याकांड ने इलाके में सनसनी फैला दी है। अंबाह बाईपास पर सोमवार रात करीब 10 बजे 35 वर्षीय कृष्णा गुर्जर होलापुरा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने 9 नामजद और 3 अज्ञात आरोपितों के खिलाफ हत्या, हत्या की साजिश और गंभीर वारदात के लिए उकसाने से जुड़ी धाराओं में केस दर्ज किया है।
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि कृष्णा का करीब 20 साल पुराना दोस्त बंटी गुर्जर भी हत्या की साजिश में शामिल बताया गया है। कृष्णा उस पर अपने परिवार से भी ज्यादा भरोसा करता था। आरोप है कि बंटी ने विरोधियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई और कृष्णा को कार्यक्रम से बाहर बुलवाया।
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, सोमवार रात नायकपुरा निवासी बंटी गुर्जर और धीरज गुर्जर लगुन-फलदान कार्यक्रम के दौरान कृष्णा को सिगरेट पीने के बहाने मैरिज गार्डन से बाहर लेकर आए। रात करीब साढ़े नौ बजे कार्यक्रम पूरा होने के बाद 35 वर्षीय कृष्णा उनके साथ बाहर चला गया।
मृतक के भतीजे जोगेंद्र के मुताबिक, मैरिज गार्डन के बाहर खड़ी गाड़ियों की आड़ में पहले से कई लोग हथियार लेकर घात लगाए बैठे थे। इनमें भानू गुर्जर, श्यामवीर नायकपुरा, केपी कंसाना, श्यामवीर बमरौली, जोगेंद्र, बल्ला और कल्ला शामिल थे।
जैसे ही कृष्णा सड़क किनारे पहुंचा, बंटी और धीरज ने आरोपितों को इशारा किया और खुद वहां से दूर भाग गए। इसके बाद हमलावरों ने पांच-छह बंदूकों से कृष्णा पर गोलियां चला दीं। उसे पांच से छह गोलियां लगीं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
इस हत्याकांड में बंटी गुर्जर की भूमिका को लेकर कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। बताया गया है कि वह पिछले करीब 20 साल से कृष्णा के साथ साए की तरह रहता था। कृष्णा उस पर बेहद भरोसा करता था।
रंजिश और हमले की आशंका के चलते कृष्णा करीब एक साल पहले अपने परिवार के साथ ग्वालियर शिफ्ट हो गया था। मंगलवार सुबह वह अपनी मां, पत्नी, दो बेटों और एक बेटी को ग्वालियर स्थित मकान पर छोड़कर आया था।
शुरुआत में कृष्णा मुरैना के लगुन-फलदान कार्यक्रम में शामिल नहीं होना चाहता था, लेकिन बंटी के बार-बार कहने और जिद करने पर वह वहां पहुंचा। हत्या के बाद बंटी भी अन्य आरोपितों के साथ फरार हो गया। पुलिस जब नायकपुरा स्थित उसके घर पहुंची तो पूरा मकान खाली मिला। आशंका है कि उसने वारदात से पहले ही अपने परिवार को दूसरी जगह भेज दिया था।
मृतक के भतीजे जोगेंद्र की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने नौ नामजद और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
- भानू उर्फ श्रीभान पुत्र पप्पू गुर्जर, निवासी नायकपुरा।
- जोगेंद्र पुत्र पप्पू गुर्जर, निवासी नायकपुरा।
- श्यामवीर पुत्र रामवीर गुर्जर।
- बंटी पुत्र बहादुर गुर्जर।
- धीरज पुत्र मातादीन गुर्जर।
- श्यामवीर पुत्र सुरेश गुर्जर, निवासी बमरौली गांव।
- बलवीर उर्फ बल्लो पुत्र जसवंत गुर्जर, निवासी पिपरई।
- कृष्णपाल उर्फ केपी कंसाना पुत्र मेहताब सिंह गुर्जर, निवासी नायकपुरा।
- कल्ला पुत्र बलवीर गुर्जर, निवासी बीच का पुरा।
- तीन अज्ञात आरोपित।
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ हत्या, हत्या के षड्यंत्र और गंभीर वारदात के लिए उकसाने से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। सभी आरोपितों के परिवार सहित फरार होने की जानकारी सामने आई है।
मंगलवार सुबह कृष्णा का शव पोस्टमार्टम के लिए पीएम हाउस ले जाया गया। यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए और धरने पर बैठ गए। लोगों ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखने का विरोध किया। करीब दो से ढाई घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपितों के मकान तोड़ने, सभी आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और मृतक के परिवार को बंदूक के लाइसेंस के साथ सुरक्षा देने की मांग रखी। प्रशासन की ओर से आश्वासन मिलने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी हुई।
इसके बाद जब शव को अंतिम संस्कार के लिए होलापुरा ले जाया जा रहा था, तब सरायछौला क्षेत्र में लोगों ने शव सड़क पर रखकर नेशनल हाईवे जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक हंगामा चला। इस दौरान हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में समझाइश के बाद जाम हटाया गया और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।
पुलिस और उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, मृतक कृष्णा गुर्जर का भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ मुरैना के कोतवाली, सिविल लाइन और सरायछौला थाने के अलावा शिवपुरी के सतनवाड़ा, ग्वालियर के माधौगंज और झांसी रोड थाने तथा राजस्थान के धौलपुर कोतवाली में हत्या के प्रयास, डकैती और बलवा जैसे कुल नौ गंभीर मामले दर्ज थे।
कई लोगों के साथ उसकी पुरानी रंजिश बताई गई है। इसी वजह से उसे लगातार हमले का डर रहता था। अपनी सुरक्षा के लिए वह आठ से दस बंदूकधारियों को साथ लेकर चलता था।
हालांकि, सोमवार शाम जब वह लगुन-फलदान कार्यक्रम में पहुंचा तो उसके साथ मौजूद लोगों के पास सुरक्षा के लिए केवल एक बंदूक थी। एक अन्य घटना में वह सरायछौला थाने में अवैध बंदूक लेकर पहुंच गया था। इससे जुड़ा वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था। राजनीतिक संरक्षण के चलते मुरैना के कई थानों में कृष्णा का दबदबा होने की बात भी सामने आई है।
कृष्णा की हत्या के बाद आरोपितों की तलाश में पुलिस ने पांच टीमें गठित की हैं। पुलिस का दावा है कि इन टीमों ने संभावित ठिकानों पर रातभर दबिश दी।
दूसरी ओर, हत्या के बाद फरार हुए आरोपितों के जनकपुर गांव पहुंचने की जानकारी सामने आई है। बताया गया कि वहां आधी रात के बाद तक लगातार फायरिंग की गई।
जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले एक परिवार ने भानू गुर्जर के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कराया था। आरोप है कि कृष्णा की हत्या के बाद हमलावरों ने उसी परिवार के घर को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं।
कृष्णा गुर्जर हत्याकांड की एफआइआर में कांग्रेस नेता और जिला पंचायत सदस्य के पति केपी कंसाना का नाम भी शामिल है। उन्हें 1 सितंबर 2025 को जिलाबदर किया जा चुका है।
हालांकि, इंटरनेट मीडिया पर गुर्जर समाज के एक वर्ग ने केपी कंसाना के समर्थन में आवाज उठाई है। समर्थकों की ओर से उन्हें हत्या के मामले में गलत तरीके से फंसाने का आरोप लगाया जा रहा है।
वहीं, केपी सिंह ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो जारी कर हत्या से किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि उनका इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है। वह अपने परिवार और सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।
उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उनका आरोप है कि हत्या की एफआइआर में उनका नाम द्वेषपूर्ण तरीके से शामिल कराया गया है।
कृष्णा गुर्जर हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश को बड़ी वजह बताया जा रहा है। मामले के मुख्य आरोपितों में 22 वर्षीय भानू और श्यामवीर गुर्जर के नाम सामने आए हैं।
बताया गया है कि करीब सवा साल पहले कृष्णा और उसके साथियों ने भानू गुर्जर के साथी बल्लो, निवासी पिपरई, के साथ मारपीट की थी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और दो-तीन बार फायरिंग भी हुई।
करीब एक साल पहले कृष्णा ने भानू को घेरकर बेल्टों से पीटा था। इस घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था। इसके बाद भानू को अवैध शराब के मामले में पकड़वाकर जेल भिजवाया गया था।
इसी घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच दुश्मनी और गहरी होती चली गई। बताया गया है कि भानू के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा, आर्म्स एक्ट और आबकारी एक्ट जैसे करीब आठ मामले सरायछौला, सिविल लाइन, कोतवाली और नूराबाद थानों में दर्ज हैं।
कुछ महीने पहले जनकपुर में एक परिवार पर जानलेवा हमला करने के मामले में वह करीब एक महीने पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। इसके बाद कृष्णा की हत्या की साजिश रचने की बात सामने आई है।
मैं चाचा के साथ लगुन-फलदान में आया। बंटी उन्हें सिगरेट पिलाने के बहाने बाहर लाया, उसने ही भानू-श्यामवीर आदि से मिलकर चाचा की हत्या करवाई। चाचा जैसे ही बाहर आए सात-आठ लोग बंदूकों से फायरिंग करने लगे। उन्हें कई गोलियां लगीं। गोलियाें से बचने मैं छिप गया, जब फायरिंग बंद हुई तब चाचा लहूलुहान डले थे, आरोपित भाग गए थे।
जोगेंद्र गुर्जर प्रत्यक्षदर्शी और मृतक कृष्णा का भतीजा