यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 01, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
काम की खबर: आज मुरैना में राहुल गांधी की न्याय यात्रा, ई-रिक्शा नहीं चलेंगे , ये मार्ग भी रहेंगे बंद, जाने से बचें
Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा निकाली जा रही भारत जोंड़ो न्याय यात्रा आज मुरैना होते हुए मप्र की सीमा ...और पढ़ें
By Paras PandeyEdited By: Paras Pandey
Publish Date: Fri, 01 Mar 2024 05:19:09 PM (IST)Updated Date: Sat, 02 Mar 2024 08:47:07 AM (IST)
आज मुरैना आएगी भारत जोड़ो न्याय यात्राBharat Jodo Nyay Yatra मुरैना, नईदुनिया प्रतिनिधि। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा निकाली जा रही भारत जोंड़ो न्याय यात्रा आज मुरैना होते हुए मध्य प्रदेश की सीमा में प्रवेश करेगी। यात्रा के दौरान राहुल गांधी की सभा का आयोजन भी होगा, इसलिए आज शहर की सड़कों पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहेगा। ई-रिक्शा बंद रहेंगे।
दोपहर से शाम तक बैरियर क्षेत्र में भी वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी। राहुल गांधी की यात्रा दोपहर 2 बजे धौलपुर से मुरैना आएगी। धौलपुर से आने के बाद चंबल नदी राजघाट किनारे कांग्रेसियों द्वारा यात्रा का स्वागत किया जाएगा, इसलिए चंबल नदी के पास कुछ समय तक नेशनल हाईवे की एक साइड पर वाहन रोक दिए जाएंगे। यहां से कार से राहुल गांधी मुरैना आंबेडकर स्टेडियम में आएंगे। इससे पहले ही बैरियर, एमएस रोड, जौरा रोड, नैनागढ रोड पर वाहनों का आवागमन रोक लिया जाएगा, जो शाम 5 बजे के बाद बहाल होगा। इसके अलावा शनिवार की सुबह 10 बजे से मुरैना शहर के सभी ई-रिक्शा को बंद कर दिया जाएगा, जिससे सड़कों पर वाहनों का दवाब कम हो।
दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक बैरियर की ओर आने वाले वाहनों को रोक दिया जाएगा। राहुल गांधी की सुरक्षा के लिए हाईवे से लेकर बैरियर क्षेत्र, आंबेडकर स्टेडियम पर सैकड़ों पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। शुक्रवार शाम से ही शहर में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है। शुक्रवार दोपहर बाद शहर में अचानक बारिश का दौर शुरू हो जाने से आयोजन स्थल पर चल रहीं तैयारियों में व्यवधान हो गया। अगर शनिवार की सुबह तक मौसम साफ नहीं हुआ तो राहुल गांधी की यात्रा के आयोजन पर असर पड़ सकता है।
साढ़े तीन घंटे मुरैना में रहेंगे राहुल गांधी
जिला प्रशासन और मुरैना कांग्रेस को मिली जानकारी अनुसार राहुल गांधी लगभग साढ़े तीन घंटे जा समय मुरैना जिले की सीमा में बताएंगे। राजस्थान के धौलपुर से वह दोपहर 2 बजे जिले की सीमा में प्रवेश करते हुए राजघाट पर पहुंचेंगे। उनके साथ राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट भी होंगे। दोपहर ढाई बजे राहुल गांधी बैरियर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में होने वाली सभा में पहुंचेंगे और करीब डेढ़ घंटे का समय सभा में बताएंगे। इसके बाद ग्वालियर रवाना होंगे।
कृषि मंडी, बस स्टैण्ड और एसएएफ ग्राउंड में होंगे वाहन पार्क
राहुल गांधी की सभा के लिए दिमनी, अंबाह, पोरसा की ओर से कांग्रेस नेता व अन्य लोगों के जो वाहन आएंगे उन्हें पुराने बस स्टैण्ड के अलावा कृषि मंडी परिसर में पार्क करवाया जाएगा, यहां से पैदल चलकर आयोजन स्थल पर जाना होगा। जौरा, कैलारस, सबलगढ़, विजयपुर, श्योपुर व शिवपुरी की ओर से आने वाले वाहनो का बैरियर बस स्टैण्ड और कृषि मंडी परिसर में खड़ा करवाया जाएगा। ग्वालियर की ओर से आने वाले वाहनो को बैरियर बस स्टैण्ड परिसर में खड़ा करवाया जाएगा, यहां जगह न होने पर वाहनो को केएस चौराहा होते हुए कृषि मंडी भेजा जाएगा।
आयोजन में दोपहिया वाहनो से आने वाले लोगो की बाइक, स्कूटर, मोपेड को पार्क करने के लिए चंबल कालोनी गेट के बाहर हाकर्स जोन में पार्किंग स्थल बनाया गया है। आयोजन में आने वाले बड़े नेता व अन्य वीआइपियो के वाहनो को एसएएफ ग्राउंड में पार्क करवाया जाएगा।