नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के कारण वन विभाग सहित पूरा जिला प्रशासन चंबल नदी से होने वाले रेत के अवैध उत्खनन की रोकथाम में जुटा है। रेत माफिया रुक नहीं रहा, दूसरी तरफ पत्थर माफिया पहाड़ों को खोदकर बेच रहे हैं। हैरतअंगेज मामला बानमोर तहसील के पहाड़ी गांव का है। भयंकर स्तर पर हुए पत्थर के अवैध उत्खनन की पोल किसी और ने नहीं, बल्कि छुट्टी से लौटे एक रेंजर ने खोली है। रेंजर की शिकायत के बाद डीएफओ ने जांच समिति बनाई है।
दूसरी तरफ पहाड़ को खोदकर जहां-जहां से पत्थरों का अवैध उत्खनन हुआ है, उन गड्ढों को भरकर, अवैध उत्खनन के सुबूत मिटाने में वन विभाग की एक दिन-रात जुटी है।
पहाड़ी ग्राम पंचायत में पत्थरों की हैं कई खदानें
पहाड़ी ग्राम पंचायत में पत्थरों की कई खदानें हैं। यहां बलुआ पत्थर के पहाड़ हैं। इस पत्थर की विदेशों तक मांग है, इसीलिए पत्थर माफिया से इसे सुरक्षित रखने पहाड़ी में वनचौकी भी बनाई गई है। इसी चौकी से डेढ़ किलोमीटर देर पहाड़ी क्षेत्र में बीते तीन महीने में नौ से दस जगहों पर बड़े पैमाने पर पत्थर का अवैध उत्खनन हुआ है। जहां पहाड़ थे, वहां खोद-खोदकर खाई बना दीं। कई जगह आधे पहाड़ गायब हैं। यहां से करोड़ों रुपये के पत्थर के बड़े-बड़े ब्लाक निकालकर बेचे गए हैं।
इस अवैध उत्खनन का खुलासा पहाड़ी वनचौकी के रेंजर सोनू सिकरवार ने ही किया है। रेंजर सोनू सिकरवार ने आला अफसरों से इस अवैध उत्खनन की शिकायत की, उसके बाद पूरे विभाग में हड़कंप का माहौल है। रेंजर सोनू सिकरवार अवैध उत्खनन की बात खुलकर कह रहे हैं, लेकिन आला अफसर इस मामले पर गोलमोल बातें कर, मामले को दबाने-छिपाने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
छुट्टी पर गए रेंजर, अवैध उत्खनन देख चार्ज नहीं ले रहे
पहाड़ी वनचौकी के रेंजर सोनू सिकरवार पारिवारिक कारणों के चलते अगस्त महीने में छुट्टी लेकर गए थे। लगभग तीन महीने की छुट्टी के बाद बीते पखवाड़े वह लौटकर आए और चार्ज लेने से पहले अपने क्षेत्र का निरीक्षण करने गए तो, पहाड़ी क्षेत्र में नौ से दस जगह ऐसी मिलीं, जहां भयंकर स्तर पर पत्थरों का अवैध उत्खनन हुआ है।
कई जगह पहाड़ ही गायब हैं। बताया गया है, कि सोनू सिकरवार की छुट्टियों के दौरान पहाड़ी वनचौकी का प्रभार रेंजर राजेश सिकरवार को दिया गया था।
रेंजर सोनू सिकरवार इन तीन महीने में ही अवैध उत्खनन के आरोप लगा रहे हैं और छुट्टी से लौटने के बाद पहाड़ी वनचौकी का चार्ज लेने से हाथ खड़े कर दिए हैं और इसकी शिकायत एसडीओ से लेकर डीएफओ तक कर दी।
डीएफओ ने जांच समिति बनाई
मामला बड़े स्तर तक नहीं पहुंचे, इसीलिए डीएफओ ने मामले की गंभीरता देख तीन सदस्यीय जांच समिति बना दी। दूसरी तरफ वन विभाग में ही चर्चा है, कि पत्थरों के अवैध उत्खनन में रेंजर सोनी सिकरवार की ही भूमिका संदिग्ध है। पहाड़ी गांव में कई लोगों को उन्होंने मुंहबोला रिश्तेदार बना लिया है, यही लोग पत्थर माफिया हैं।
सबूत मिटाने की शिकायत तो तर्क दिया रास्ते खोद रहे
डीएफओ द्वारा बनाई गई समिति पहाड़ी वन चौकी क्षेत्र में जांच को पहुंची भी नहीं, इसी बीच बीते तीन दिन से यहां तीन से चार-चार बैकहो लोडर मशीनें (जेसीबी) दिनरात चल रही हैं, जो अवैध उत्खनन से हुए गड्ढों को भर रही हैं। इसके वीडियो-फोटो भी सामने आ रहे हैं, जिनमें गड्ढों को भरते जेसीबी और उसके आसपास वन अमला दिख रहा है।
अवैध उत्खनन के सबूत मिटाने की शिकायत हुई तो वन विभाग की जांच समिति ने जनसंपर्क विभाग के माध्यम से बयान जारी कर दिया, कि पहाड़ी क्षेत्र में पत्थर माफिया को रोकने के लिए खदानों तक पहुंचने वाले रास्तों को खुदवाया जा रहा है। जबकि यह जेसीबी अवैध उत्खनन के सबूत मिटा रही हैं।
मैं अगस्त में तीन महीने की छुट्टी गया था, तब सब कुछ सामान्य था। लौटकर आया और चार्ज लेने से पहले देखा तो कई जगह बड़े स्तर पर अवैध उत्खनन था। मैं ऐसी स्थिति में क्यों चार्ज लूं। मैंने अपनी बात अधिकारियों के समक्ष रख दी है, इससे ज्यादा मैं और कुछ नहीं बता सकता। -सोनू सिकरवार, रेंजर पहाड़ी वनचौकी।
-छुट्टी से लौटे रेंजर की शिकायत के बाद एसडीओ प्रीती शाक्य की अगुआई में तीन सदस्यीय जांच समिति बनाई है। यह समिति अपनी रिपोर्ट देगी उसके बाद कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस क्षेत्र में अवैध उत्खनन करने वाले ना जा सकें, इसलिए रास्ते खुदवाए जा रहे हैं। - हरीश बघेल, डीएफओ, मुरैना।