
नईदुनिया प्रतिनिधि, जौरा। मुरैना जिले के जौरा थाना क्षेत्र के दुर्गापुरी आजाद नगर अलापुर में बच्चों के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मजदूरी के पैसों के लेन-देन को लेकर सोमवार शाम हुए विवाद के बाद रात करीब 8 बजे छह लोगों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। इस दौरान कट्टे से चलाई गई दो गोलियां सलमा खान को लगीं। एक गोली उनके गले और दूसरी पीठ में लगी है। इसके अलावा लाठियों के हमले में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घटना के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सलमा खान का जेएएच के ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है। उपचार के दौरान उनके गले में फंसी गोली निकाल दी गई, जबकि पीठ में लगी गोली अभी नहीं निकाली जा सकी है। वहीं, घायल पप्पू खान और सुभान खान का इलाज जिला अस्पताल मुरैना में चल रहा है। पुलिस ने फरियादी पप्पू खान की शिकायत पर छह आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
फरियादी पप्पू खान पुत्र जुम्मन खान के अनुसार, सोमवार शाम करीब 6 बजे उनके बड़े भाई मुन्ना खान के 14 वर्षीय बेटे इरफान खान का विवाद आरोपी सतीश के बेटे से हो गया था। विवाद डीजे पर काम करने के बदले मिलने वाले पैसों के लेन-देन को लेकर हुआ था।
आरोप है कि इसी विवाद के दौरान सतीश ने इरफान को लाठी मारकर घायल कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया।
पप्पू खान ने पुलिस को बताया कि विवाद के बाद छह आरोपित एक साथ उनके घर पहुंचे। उस समय परिवार के सदस्य घर के बाहर बैठकर आग ताप रहे थे। आरोपितों ने वहां मौजूद लोगों पर लाठियों से हमला कर दिया।
इसी दौरान विष्णु खटीक ने कट्टे से फायरिंग कर दी। दो गोलियां लगने से सलमा खान जमीन पर गिर पड़ीं। हमले के बाद सभी आरोपित मौके से भाग गए।
घायल पप्पू खान ने बताया कि उनकी बहू सलमा खान को जेएएच के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उनके गले में फंसी गोली निकाल दी है, लेकिन पीठ में लगी गोली अभी भी अंदर फंसी हुई है।
वहीं, हमले में पप्पू खान के सिर में लाठी लगने से गंभीर चोट आई है। उनके छोटे भाई सुभान खान के हाथ में भी लाठी लगने से चोट पहुंची है। दोनों का इलाज जिला अस्पताल मुरैना में जारी है।
घटना की शिकायत मिलने के बाद जौरा पुलिस ने मंगलवार को छह लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। आरोपितों में विष्णु खटीक, रवि खटीक, विजय खटीक, सोनू खटीक पुत्रगण गंगाराम खटीक, दीपक पुत्र पित्तीराज खटीक और सतीश खटीक शामिल हैं। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है।