
नईदुनिया न्यूज, मुरैना। शक्कर कारखाना चलाओ पदयात्रा 21 नवंबर को कैलारस से शुरू होकर 50 किलोमीटर चलने के बाद तीसरे दिन सोमवार को कलेक्ट्रेट मुरैना पर पहुंची। कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते हुए जन सत्याग्रह किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में कारखाने को सहकारिता के क्षेत्र में चालू कराने, किसान कर्मचारियों का बकाया भुगतान कराने और परिसंपत्तियों को खुर्द-बुर्द नहीं करने की मांग की गई है।
प्रदर्शन के दौरान हुई सभा को मध्यप्रदेश किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तिवारी, किसान नेता जुगल किशोर पिप्पल, किसान सभा के जिलाध्यक्ष रामप्रकाश गुर्जर, जिला सचिव मुरारी लाल धाकड़, पूर्व संचालक शक्कर कारखाना गयाराम सिंह धाकड़, कांग्रेस के डा. मुरारी लाल अमर, नरेश गोस्वामी सहित अन्य ने संबोधित किया। सभी ने पुरजोर तरीके से शक्कर कारखाने को चलाने की मांग उठाई।
सभा में यह भी घोषणा की गई है कि कारखाना नहीं चलाया गया तो आगे आने वाले दिनों में विधानसभा पर प्रदर्शन किया जाएगा और अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इसके अलावा स्वामित्व योजना मई, जवाहर कालोनी, आलापुर पंचायत, बिलगांव चौधरी पंचायत के जिन परिवारों के नाम नहीं लिए गए हैं, उन्हें जोड़ने की मांग भी की गई। उनकी ओर से आवेदन पत्र कलेक्टर को दिया गया।
शक्कर कारखाना चलाओ संघर्ष समिति ने आगामी आंदोलन की रूपरेखा तय करने के लिए अपनी बैठक भी आहूत की है। इस बैठक में सभी दलों और संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।