मुरैना के रूअर गांव में मायके रह रही नवविवाहिता ने लगाई फांसी, फोटो वायरल की चर्चा
पुलिस ने शव को बरामद कर पीएम के लिए भिजवाया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 01:20:11 PM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 01:20:33 PM (IST)
सोनम भदौरिया का फाइल फोटो।HighLights
- ससुराल में अनबन के बाद लौटी थी मायके
- फोटो वायरल होने की भी चर्चाएं
- पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
नईदुनिया न्यूज, अंबाह/ मुरैना। मुरैना जिले के अंबाह थाना क्षेत्र के रूअर गांव में पिछले कुछ महीनों से ससुरालीजन से हुई अनबन के बाद मायके में रह रही नवविवाहिता ने गुरुवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
फोटो वायरल होने की भी चर्चाएं
पुलिस ने शव को बरामद कर पीएम के लिए भिजवाया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है, वहीं महिला के कुछ फोटो भी वायरल होने की जनचर्चाएं हो रहीं थी, जिससे उसने ऐसा कदम उठाया।
मामा ने की थी सोनम की शादी
जानकारी के मुताबिक रूअर गांव निवासी सोनम भदौरिया उम्र 21 साल बचपन से ही अपने मामा कौशल सिंह तोमर के घर में रही थी, मामा ने ही 12 फरवरी 2025 को उसकी शादी भिंड अटेर के अंगद का पुरा गांव निवासी गौरव भदौरिया से की थी। एक साल ससुराल में रहने के बाद सोनम अपने मामा के घर मायके ही आ गई थी, यहीं रह रही थी।
ससुराल में चल रही थी अनबन
गुरुवार को उसने अचानक घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ससुरालीजन से अनबन होने के बाद वह यहां आई थी। जिसके बाद उसे लेने कोई नहीं आया। मामले में कुछ फोटो किसी युवक द्वारा वायरल करने की भी चर्चाएं बता रहीं हैं। टीआइ वीरेश कुशवाह ने बताया कि यह सभी तथ्य जांच में सामने आएंगे, फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।