धौलपुर महल को उड़ाने की धमकी देने वाले कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की हत्या, साथी कैदी ने तौलिए से घोंटा गला, अजमेर जेल में था बंद
कुख्यात डकैत जगन गुर्जर ने साल 2008 में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के धौलपुर महल को उड़ाने की धमकी दी थी।
Publish Date: Tue, 30 Jun 2026 09:29:27 AM (IST)Updated Date: Tue, 30 Jun 2026 09:30:01 AM (IST)
धौलपुर महल और कुख्यात डकैत जगन गुर्जर का फाइल फोटो।HighLights
- मुरैना से सटे चंबल के बीहड़ों से लेकर राजस्थान तक था आतंक
- बैरक में खूनी संघर्ष, विष्णु जाट ने कबूला जुर्म
- 123 संगीन मामले और 28 साल का आतंक
नईदुनिया संवाददाता, जयपुर/मुरैना। राजस्थान की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली अजमेर जेल में कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की हत्या हो गई है। आरोप है कि भरतपुर के कुलदीप हत्याकांड के आरोपित विष्णु जाट ने जगन की तौलिए से गला घोंटकर हत्या कर दी।
दोनों में चल रहा था विवाद
दोनों जेल की एक ही बैरक में बंद थे। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे जेलकर्मियों ने नियमित जांच के दौरान बैरक खोली तो जगन का शव एक तरफ पड़ा हुआ था। विष्णु बैरक में ही मौजूद था। जगन ने साल 2008 में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के धौलपुर महल को उड़ाने की धमकी दी थी। जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन ने बताया कि विष्णु ने जगन की हत्या करने की बात स्वीकार की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों में पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था।
सबसे ज्यादा केस मर्डर, किडनैपिंग के
बता दें कि कुख्यात डकैत जगन गुर्जर पर धौलपुर एवं भरतपुर में हत्या, लूटपाट, मारपीट सहित कई मामले दर्ज है। 28 साल में उस पर 123 मामले दर्ज हो चुके थे । ज्यादातर प्रकरण मर्डर और किडनैपिंग के रहे हैं। जगन का आतंक राजस्थान सहित मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में रहा है। अक्सर फरारी काटने मुरैना के बीहड़ों में शरण लेता था।
2008 में चंबल के लोगों को धमका चूका है
साल 2008 के चुनाव के एक विधायक प्रत्याशी के समर्थन में चंबल किनारे बसे गांवों में लोगों को धमकाने आया था। देवगढ़ के तात्कालीन थाना प्रभारी श्याम शर्मा ने बताया कि तब चिन्नौनी-देवगढ़ पुलिस ने घेर लिया। दोनों ओर से फायरिंग हुई तो महिला और बच्चों को आगे कर भाग निकला। दो साल पहले मुरैना-धौलपुर के बीच हाईवे पर ट्रकों पर बदमाशों ने खुद को जगन गुर्जर का साथी बताते हुए हाईवे पर दहशत फैलाई थी।