मुरैना। अगर आप के पास सौ साल से ज्यादा पुरानी कोई दुर्लभ चीज है और आपको लगता है कि वह आपके ज्यादा काम की नहीं है तो आप ऐसी चीज को पुरातत्व विभाग को उसकी उचित कीमत पर बेच सकते हैं। अगर आपके पास उपलब्ध चीज किसी पुरातन घटना से जुड़ी है तो हो सकता है कि आप हजारों से लेकर लाखों रुपए तक कमा लें। इसके लिए पूरे एक महीने का समय पुरातत्व विभाग ने दिया है। मध्यप्रदेश पुरातत्व विभाग ऐसी चीजों का परीक्षण कर इन्हें अच्छी कीमत पर खरीदेगा।
पुरातत्व अभिलेखागार एवं संग्रहालय भोपाल द्वारा प्रदेश भर में ऐसी एतिहासिक वस्तुओं की खोज की जा रही है जो कम से कम एक सदी पुरानी हो। जो किसी पुरातन कला से जुड़ी हो। किसी घटना से जुड़ी हो। पुरातत्व महकमा निश्चित समय अंतराल के बाद इस तरह की खरीदी करता है।
महकमे के अधिकारियों की मानें तो कई बार आम लोगों के पास पुरातत्व महत्व की चीजें होती हैं और उन्हें उनकी महत्वता के बारे में जानकारी नहीं होती। ऐसे में इस तरह की चीजों को एकत्रित करने के लिए पुरातत्व विभाग समय-समय पर इनकी खरीदी करता है। पुरातत्व अधिकारियों की मानें तो अब तक इस तरह से विभाग के पास कई उपयोगी चीजें आ चुकी हैं।
किस तरह की हो चीजें: पुरातत्व विभाग के अनुसार जिस सामान को पुरातत्व महकमा खरीदेगा वह 100 साल से ज्यादा पुरानी हो। इनमें प्राचीन प्रतिमाएं, धातु की प्रतिमाएं, प्राचीन अस्त्र-शस्त्र, कांस्य प्रतिमा, प्राचीन सिक्के, प्राचीन शिलालेख, प्राचीन दुर्लभ अभिलेख, पेंटिंग, लकड़ी की कलाकृति शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक किसी राजघराने के पहनावे को दर्शाने वाली पोषाकें आदि भी इनमें शामिल हैं, जो रियासत काल की हों।
यह है प्रक्रिया
पुरातत्व विभाग के अधिकारियों के मुताबिक इस तरह की चीजों का मूल्यांकन करने के लिए पुरातत्व विभाग की एक कमेटी बनाई गई है। इन चीजों को बेचने की इच्छा रखने वाले व्यक्ति को 30 दिसंबर तक उस वस्तु का फोटो ग्राफ और उसके संबंध में एक आवदेन पुरातत्व विभाग को देना होगा। इसके बाद अगर वस्तु बिक्री योग्य पाई जाती है, तो उस वस्तु के बदले में बेचने वाले को पैसे का भुगतान भी किया जाएगा। लेकिन एक बार बिक्री के बाद उस वस्तु पर बेचने वाले का कोई भी अधिकारी बाकी नहीं रहेगा।