मुरैना में अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम टीम पर पथराव, जेसीबी के शीशे फोड़े; कर्मचारियों ने पुलिस में की शिकायत
लोगों का कहना था कि उनका जगह को नगर निगम क्यों तोड़ रही है। जितनी चौड़ी सड़क है उतने पर ही सीसी रोड का निर्माण करा दिया जाए।
Publish Date: Fri, 09 Oct 2026 06:46:29 PM (IST)Updated Date: Fri, 09 Oct 2026 06:47:02 PM (IST)
थाने में खड़ी नगर निगम की क्षतिग्रस्त जेसीबी। नईदुनियाHighLights
- सड़क निर्माण में बाधा बन रहे अतिक्रमण पर कार्रवाई
- कार्रवाई के दौरान भड़के लोग, जेसीबी पर किया पथराव
- निगम कर्मचारियों ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। वार्ड 30 में एक करोड़ रुपये की लागत से बनाई जाने वाली सीसी रोड व नाली निर्माण के काम में बाधा बने अतिक्रमण को साफ कराने शुक्रवार को तुस्सीपुरा-नंदेपुरा रोड पर कुछ लोगों ने नगर निगम की टीम की मारपीट कर दी। लोगों ने पथराव किया, जिससे निगम की बैकहो लोडर मशीन (जेसीबी) के शीशे टूट गए। घटित अपराध को लेकर निगम कर्मचारियों ने थाना स्टेशन रोड में लिखित शिकायत पेश की है।
वाशिंदों ने अपने घरों के सामने बना लिए हैं चबूतरे
जानकारी के मुताबिक, नगर निगम वार्ड 30 स्थित तुस्सीपुरा-नंदेपुरा रोड पर एक करोड़ रुपये की लागत से पौन किलोमीटर लंबाई की सीमेंट-कांक्रीट सड़क व नालियों का निर्माण करा रहा है। ठेकेदार को वर्कआर्डर मिलने के बाद वह काम शुरू नहीं कर पा रहा। क्योंकि 37 फीट चौड़ाई की सड़क बनाने के लिए ठेकेदार को महज 17-18 फीट चौड़ाई में ही सड़क उपलब्ध हो रही है। कारण है कि जहां सड़क बनाया जाना स्वीकृत हुई है वहां के वाशिंदों ने अपने घरों के सामने चबूतरा बना लिए हैं या बाउंड्रीवाल कर दी है।
कुछ जगह खाली पड़ी है, लेकिन उस पर लोगों अपना कब्जा दर्शा रहे हैं। ठेकेदार की शिकायत पर शुक्रवार को नगर निगम का राजस्व अमला व मदाखलत अमला जेसीबी लेकर अतिक्रमण साफ कराने गया। दोपहर 3 बजे के बाद मदाखलत टीम की जेसीबी ने जैसे ही तोड़फोड़ के लिए पंजा आगे बढ़ाया वैसे ही लोग भड़क गए।
माहौर समाज के लोग जेसीबी के आगे आकर हो गए खड़े
लोगों का कहना था कि उनका जगह को नगर निगम क्यों तोड़ रही है। जितनी चौड़ी सड़क है उतने पर ही सीसी रोड का निर्माण करा दिया जाए।
चूंकि नगर निगम की टीम कार्रवाई का मूड बनाकर गई थी, इसलिए जेसीबी ने तोड़फोड़ शुरू की वैसे ही माहौर समाज के लोग जेसीबी के आगे आकर खड़े हो गए।
एक महिला ने नगर निगम कर्मचारियों समेत जेसीबी वर पत्थर फेंके जिससे जेसीबी के शीशे टूट गए। पथराव होने की दशा में निगम का अमला मौके पर वापस लौटा और शिकायत करने स्टेशन रोड थाने पहुंच गया। निगम कर्मचारियों ने पुलिस को जेसीबी में हुए नुकसान से अवगत कराया।