नईदुनिया न्यूज, मुरैना। गर्भवती महिला की प्राइवेट नर्सिंग होम में डिलेवरी हुई, इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया। रास्ते में महिला ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत के बाद स्वजन ने शव रखकर स्टेशन रोड थाने में हंगामा कर दिया। स्वजन ने महिला की मौत होने पर डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाकर उसे गिरफ्तार करने की मांग की।
वहीं स्वजन ने एमएस रोड पर पुरानी कलेक्ट्रेट के सामने जाम लगाने का प्रयास किया। पुलिस लगभग 15 से 20 मिनट तक समझाइश दी, जिसके बाद शव को पीएम के लिए भिजवाया। पुलिस ने फिलहाल इस मामले में मर्ग कायम किया हैं।
प्रसूता को शुक्रवार को कराया गया था भर्ती
जानकारी के मुताबिक नंदेपुरा रोड कृष्णा बिहार कॉलोनी निवासी बलवीर सिंह राठौर ने बताया कि पत्नी कृष्णा राठौर उम्र 30 साल को प्रसव पीड़ा होने पर ओवर ब्रिज के पास श्रीहरी मल्टीस्पेशिलिटी हास्पिटल में शुक्रवार की सुबह छह बजे भर्ती कराया था। डाक्टर ने कृष्णा की जांचे कराई और कहा कि वह पूरी तरह से ठीक है नार्मल डिलेवरी हो जाएगी।
डिलेवरी ले जाने के बाद सुबह साढ़े सात बजे बताया कि उसकी पत्नी को आपरेशन से बेटा पैदा हुआ है, लेकिन बेटे के मुंह में गंदा पानी चला गया है, उसे सरकारी अस्पताल में ले जाओ, जहां मशीन में रखा जाएगा।
बलवीर ने बताया कि वह अपने बेटे को सरकारी अस्पताल ले गया। इसके बाद उसने पत्नी से बात की, तो उसने अपने आप को पूरी तरह से ठीक बताया।
नर्सिंग होम से शाम को फोन पर बताया... तुम्हारी पत्नी की बिगड़ रही है तबीयत
इसी बीच शाम के समय नर्सिंग होम से फोन आया कि उसकी पत्नी की तबीयत बिगड़ गई है। वह दौड़कर अस्पताल पहुंचा। जहां उसने देखा कि उसे इंजेक्शन लगाया गया है। जिसके बारे में पूछा तो बताया कि महिला का बीपी बढ़ रहा था, इसलिए इंजेक्शन लगाया। हालत बगड़ी तो उसे डॉक्टर ने ग्वालियर रेफर कर दिया।
नूराबाद तक पहुंचने पर प्रसूता ने तोड़ दिया दम
बलवीर ने बताया कि वह पत्नी को ग्वालियर लेकर जा रहा था, इसी बीच नूराबाद तक पहुंचने पर उसने दम तोड़ दिया। प्रसूता की मौत होने के बाद स्वजन इकट्ठा हो गए और एंबुलेंस में शव रखकर स्टेशन रोड थाने पर ले आए। जहां डाक्टर पर लापरवाही के आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। स्वजन आरोपित डाक्टर को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने इस मामले में बलवीर की फरियाद पर मर्ग कायम कर जांच के बाद अपराध दर्ज करने की बात कही।
स्वजन जाम लगाने लेटे सड़क पर
जिस पर स्वजन एंबुलेंस को लेकर पुरानी कलेक्ट्रेट के सामने आ गए और सड़क पर लेटकर जाम लगाने का प्रयास किया। जिस पर टीआई दर्शन शुक्ला, सीएसपी कविद्र सिंह चौहान, यातायात प्रभारी संतोष भदौरिया मौके पर पहुंच गए। जहां उन्होंने जाम लगा रहे स्वजन को सड़क से हटाया और कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। वहीं एंबुलेंस से शव को पीएम के लिए भिजवाया गया।
एंबुलेंस संचालक रेफर मरीजों को ले जाते हैं प्राइवेट अस्पताल
जिला अस्पताल से रेफर मरीजों को स्थानीय अस्पतालों में एंबुलेंस संचालक भर्ती करा देते हैं। दरअसल जिला अस्पताल से मरीजों को ग्वालियर रेफर किया जाता हैं, लेकिन प्राइवेट एंबुलेंस संचालक अक्सर प्रसूताओं को अच्छे इलाज का आश्वासन देकर स्थानीय प्राइवेट मल्टीस्पेशिलिटी अस्पतालों में भर्ती करा देते है।
बताया जाता है कि एंबुलेंस संचालकों का कमीशन रहने से ऐसा किया जाता है। जिससे कई बार मरीजों की जान पर बन आती है।
एक महीने में प्राइवेट अस्पताल में छठवीं मौत
प्राइवेट अस्पतालों में पिछले एक महीने में छठवीं मौत सामने आई है, जिसमें स्वजन ने डाक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। इससे पहले राठी अस्पताल में स्वजन ने प्रसूता की मौत होने के बाद हंगामा किया। गनेशी अस्पताल में बुजुर्ग महिला की मौत होने पर हंगामा देखने को मिला। तीसरी घटना कृष्णा हास्पीटल मिल एरिया रोड पर अधेड़ की मौत के बाद स्वजन ने लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। बांदिल नर्सिंग होम में घायल युवक की मौत होने पर हंगामा हुआ। पुलिस ने इन मामलों में मर्ग कायम किए थे।
प्रसूता कृष्णा राठौर को श्रीहरि हास्पिटल में डिलेवरी के लिए लगाया गया था, जहां उसकी मौत पर स्वजन ने डाक्टर पर लापरवाही के आरोप लगाए है। हमने फिलहाल मर्ग दर्ज कर लिया है। शव को पीएम के लिए भिजवाया गया हैं। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - कविंद्र सिंह चौहान, सीएसपी मुरैना।