देवरानी ने जेठानी से की मारपीट, पुलिस ने नहीं सुनी शिकायत तो महिला ने की फांसी लगाने की कोशिश
मुरैना क्राइम समाचार: बच्चा चिल्लाया तो परिवार के लोग कमरे में आ गए और सभी ने मिलकर रामा को फंदे से नीचे उतार लिया।
Publish Date: Fri, 09 Oct 2026 10:07:32 PM (IST)Updated Date: Fri, 09 Oct 2026 10:08:17 PM (IST)
HighLights
- लगातार दो दिन तक की मारपीट और गाली-गलौज
- बेटे ने ऐन वक्त पर बचाई मां की जान
- संपत्ति विवाद को लेकर घर में चल रहा था क्लेश
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना (अंबाह)। रछेड़ के आवास नगर में रहने वाली महिला रामा सखवार ने शुक्रवार अपराह्न अपने घर में फांसी के फंदे पर झूलने का प्रयास किया, लेकिन एनवक्त पर महिला के बेटे ने मां को फंदा लगाते देखा तो चिल्लाया और उसे अन्य लोगों के सहयोग से जमीन पर नीचे उतार लिया। महिला को उपचार के लिए सिविल अस्पताल अंबाह में भर्ती कराया गया है।
लगातार दूसरे दिन मारपीट की, पति को काट देने की दी धमकी
जानकारी के मुताबिक, आवास नगर रछेड़ में रहने वाली रामा सखवार 30 साल की शुक्रवार को उसकी जेठानी ने लगातार दूसरे दिन मारपीट की। पति को भी खेत पर फावड़े से काट देने की धमकी दी। गुरुवार को घर में लहसुन की फसल रखने को लेकर भी देवरानी पूजा ने जेठानी रामा को पीटा। सास बचाने आई तो सास शांति देवी पत्नी निहाल सिंह सखवार की की अंगुलियां मरोड़ दीं।
देवरानी ने फिर से जेठानी को पीट दिया
रामा मारपीट की शिकायत लेकर गुरुवार को महुआ थाने गई तो पुलिस ने यह कहकर उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की कि आरोपी देवरानी ने उसके बाल ही तो पकड़े हैं शरीर पर मारपीट की कोई जाहिरा निशान तो दिख नहीं रहा। शुक्रवार को देवरानी ने फिर से जेठानी को पीट दिया तो क्षुब्ध रामा सखवार ने अपने कमरे में फांसी का फंदा बनाया और उस पर झूलने वाली थी तभी उसके 11 साल के बेटे अजीत ने मां को सुसाइड करते देख लिया।
बच्चे के चिल्लाने पर परिवार के लोग दौड़े
बच्चा चिल्लाया तो परिवार के लोग कमरे में आ गए और सभी ने मिलकर रामा को फंदे से नीचे उतार लिया। सास शांति देवी का कहना है कि उसकी छोटी बहू पूजा अपने पति के निधन के बाद अपना हिस्सा ले चुकी है, लेकिन बाद में वह अपने जेठ पुरुषोत्तम को अपने संग रखने लगी तो अब पुरुषोत्तम का हिस्सा मांगने के लिए आए दिन घर में मारपीट पर आमादा है।