चंबल नदी के उसैद घाट पर मिले दो घड़ियालों के शव, वन विभाग में हड़कंप
वन विभाग दोनों ही मादा घड़ियाल की प्राकृतिक मौत बता रहा है। हालांकि, मौत के कारणों की पुष्टि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 01:26:37 PM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 01:27:07 PM (IST)
घाट पर घड़ियालों का किया जा रहा अंतिम संस्कार । नईदुनियाHighLights
- खुड़ो-बीजला क्षेत्र में मिले दो वयस्क घड़ियाल
- पीएम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण
- वन विभाग ने मौके पर किया अंतिम संस्कार
नईदुनिया न्यूज, अंबाह/मुरैना। चंबल नदी के उसैद घाट के पास खुड़ो-बीजला क्षेत्र में दो वयस्क घड़ियालों के शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। नदी किनारे घड़ियालों के मृत मिलने की जानकारी शुक्रवार शाम को मिली थी। इसके बाद शनिवार सुबह करीब आठ बजे वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घड़ियालों के शवों का निरीक्षण कर पोस्टमार्टम कराया।
वन विभाग दोनों ही मादा घड़ियाल की प्राकृतिक मौत बता रहा है। एक साथ दो घड़ियाल की मौत होना कई सवाल भी खड़े कर रहा है। मौत के कारणों की पुष्टि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
ग्रामीणों ने घड़ियालों के शव देखे
जानकारी के मुताबिक चंबल नदी के घाट पर ग्रामीणों ने दो वयस्क घड़ियालों के शव देखे। जिस पर वन विभाग की टीम को सूचना दी गई।
घाट प्रभारी मनीष त्यागी के अनुसार शुक्रवार शाम चंबल नदी किनारे दो घड़ियालों के शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद शनिवार सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान एसडीओ सुनील सुलिया, रेंजर वीर कुमार तिर्की सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे। घड़ियालों के शव एक से दो दिन पुराने लग रहे थे।
पशु चिकित्सक डॉ. प्रमोद शर्मा को मौके पर बुलाया गया, जहां दोनों ही घड़ियालों के शव का पीएम कराया गया। पशु चिकित्सक डॉ. प्रमोद शर्मा ने बताया कि दोनों घड़ियालों की बाडी डीकंपोज हो चुकी थी।
मृत्यु का वास्तविक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं
ऐसे में उनकी मृत्यु का वास्तविक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। वन विभाग द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक जांच की जा रही है। वहीं चंबल नदी में घड़ियालों की मौत से वन्यजीव संरक्षण को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
वन विभाग की टीम ने दोनों घड़ियालों का मौके पर ही अंतिम संस्कार कर दिया। डीएफओ हरिश्चंद्र बघेल का कहना है कि दोनों ही घड़ियाल की प्राकृतिक मौत लग रही है। विधिवत तरीके से उनका अंतिम संस्कार कराया गया है।