मुरैना में दर्दनाक हादसा: बच्चों के 'मम्मी' पुकारने और पति के रोकने के बावजूद चौथी मंजिल से कूदी महिला, हालत गंभीर
चौथी मंजिल से गिरी महिला भूमि शर्मा गंभीर घायल हो गई, जिसे दिल्ली रेफर किया गया है। महिला ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसे लेकर स्वजन कुछ बताने तैयार नहीं है। उसका उपचार दिल्ली के अस्पताल में चल रहा है।
Publish Date: Tue, 27 Oct 2026 01:45:14 PM (IST)Updated Date: Tue, 27 Oct 2026 01:45:49 PM (IST)
चौथी मंजिल से कूदी महिला का वीडियो वायरल हो रहा है।HighLights
- नैनागढ़ रोड पर सोमवार सुबह की घटना
- नीचे खड़े लोगों ने हाथों पर झेलने की कोशिश की
- नाजुक हालत में महिला को किया गया दिल्ली रेफर
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। मकान की चौथी मंजिल के छज्जे की रेलिंग को पकड़कर खड़ी महिला को रोकने के लिए बच्चे मम्मी... मम्मी कहकर पुकारते रहे। मकान के नींचे खड़ा पति व अन्य लोग रोकने के लिए गुहार करते रहे, लेकिन महिला नहीं मानी और कूद गई। चौथी मंजिल से गिरी महिला गंभीर घायल हो गई, जिसे दिल्ली रेफर किया गया है।
नैनागढ़ रोड पर रहता है परिवार, सोमवार सुबह 4 बजे की घटना
सोमवार की सुबह 4 बजे यह घटना मुरैना शहर के नैनागढ़ रोड पर हुई, जिसके वीडियो मंगलवार की दोपहर इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गए। वीडियो में दिख रहा है, कि मकान की चौथी मंजिल के छज्जे की रेलिंग को पकड़कर एक महिला खड़ी हुई है। मकान की दूसरी और तीसरी मंजिल के छज्जों पर बच्चे व अन्य लोग दिख रहे हैं। महिला के बच्चे मम्मी-मम्मी कहकर उसे रोकने की कोशिश कर रहे हैं। मकान के नींचे, सड़क किनारे महिला का पति, एक बुजुर्ग व तीन-चार लोग खड़े होकर कूदने से मना कर रहे हैं, लेकिन महिला ने तभी छलांग लगा दी।
घायल महिला का नाम भूमि शर्मा है, पति चलता है डेयरी
मकान के नींचे खड़े बुजुर्ग व एक अन्य ने महिला को हाथों पर झेलना चाहा, जिसमें बुजुर्ग के हाथों में चोट आ गई। घायल महिला का नाम भूमि शर्मा उम्र 30 साल बताई जा रही है। बताया गया है, कि भूमि पत्नी हरेंद्र शर्मा का परिवार मूलरूप से अंबाह का निवासी है, जो करीब एक साल पहले मुरैना में आकर, नैनागढ़ रोड पर किराए के मकान में रहने लगे। भूमि का पत्नी हरेंद्र डेयरी का काम करता है। भूमि शर्मा ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसे लेकर स्वजन कुछ बताने तैयार नहीं है। भूमि का उपचार दिल्ली के अस्पताल में चल रहा है।