गंदगी पर बवाल: गुस्से में ट्रॉली से कचरा भरकर लाए लोग, जौरा नगर पालिका गेट पर पलटाकर जताया विरोध
कई वार्डों और मुख्य मार्गों पर दिनभर कचरा पड़ा रहता है। नालियों की सफाई नहीं होने से गंदगी और दुर्गंध की स्थिति बनी हुई है, जिससे संक्रमण का खतरा भी ब...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 01 Oct 2026 07:24:26 PM (IST)Updated Date: Thu, 01 Oct 2026 07:26:14 PM (IST)
नगर पालिका कार्यालय के गेट पर ट्राली से कचरा पलटते रहवासी। नईदुनियाHighLights
- नगर पालिका गेट पर कचरा डंप
- सड़कों पर बह रहा नालियों का पानी
- गायब डस्टबिन और मच्छरों का प्रकोप
नईदुनिया न्यूज, मुरैना (जौरा)। नगर के वार्डों में सफाई व्यवस्था को लेकर रहवासियों का आक्रोश अब नगर पालिका के मुख्य गेट तक पहुंच गया। वार्डों में नियमित कचरा नहीं उठने से परेशान लोगों ने गुरुवार को ट्रैक्टर में कचरा भरकर नगर पालिका के मुख्य गेट पर डाल दिया।
रहवासियों का कहना है कि कई वार्डों और मुख्य मार्गों पर दिनभर कचरा पड़ा रहता है। नालियों की सफाई नहीं होने से गंदगी और दुर्गंध की स्थिति बनी हुई है, जिससे संक्रमण का खतरा भी बना हुआ है।
सफाई व्यवस्था को लेकर पहले भी हो चुका है धरना-प्रदर्शन
रहवासियों के मुताबिक सफाई व्यवस्था को लेकर पहले भी वार्ड 15 और 16 में धरना-प्रदर्शन किया जा चुका है। प्रदर्शन के बाद नगर पालिका ने नालियों की सफाई कराई थी, लेकिन कुछ समय बाद फिर वही स्थिति बन गई। वार्ड 15 में नालियों का गंदा पानी सड़कों पर फैलने की शिकायत भी सामने आ रही है।
लोगों का कहना है कि नालियों की नियमित सफाई और जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से राहगीरों को गंदे पानी के बीच से निकलना पड़ता है।
रहवासियों का आरोप है कि नगर के कई प्रमुख स्थानों और वार्डों से डस्टबिन तक गायब हैं। जोंटी सिकरवार ने कहा कि पूर्व में कई स्थानों पर डस्टबिन दिखाई देते थे, लेकिन अब लोगों को खुले में कचरा डालने की मजबूरी बन गई है।
इससे सड़क किनारे कचरे के ढेर लग रहे हैं जहां बेसहारा मवेशियों का भी जमावड़ा लग रहा है। कचरा वाहन खुले में कचरा लेकर मुख्य मार्ग से ट्रंचिंग ग्राउंड तक जाते हैं। इस दौरान कचरा सड़क पर गिरता हुआ आगे बढ़ता है, जिससे सफाई के बजाय रास्ते में भी गंदगी फैलती है। रहवासियों ने कचरा वाहनों को ढककर चलाने की मांग की है।
कीटनाशक छिड़काव को लेकर भी सवाल
वार्ड निवासी अजीत ने बताया कि वार्डों में कीटनाशक दवा के छिड़काव की व्यवस्था भी नियमित रूप से नहीं हुई है। उनका कहना है कि जौरा के जनप्रतिनिधियों के आगे आने के बाद ही कई स्थानों पर छिड़काव शुरू हुआ है। लोगों का कहना है कि वर्षा और गंदगी के बीच मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की स्थिति में कीटनाशक छिड़काव नियमित होना चाहिए।
बीएसएनएल टावर के पास रहने वाले बच्चू सविता ने बताया कि उनके घर के पास दिनभर कचरा पड़ा रहता है। इससे गंदगी और दुर्गंध बनी रहती है। भरत शर्मा ने कहा कि कई ऐसी जगह हैं, जहां कचरा दिनभर पड़ा रहता है, लेकिन नगर पालिका की सफाई व्यवस्था समय पर नहीं पहुंचती।