दहेज के फेर में अटका रिश्ता फिर भगा ले गया लड़का: मुरैना की गांधी कॉलोनी की युवती लापता, जांच में जुटी पुलिस
कोतवाली पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
Publish Date: Fri, 25 Sep 2026 07:16:09 PM (IST)Updated Date: Fri, 25 Sep 2026 07:17:01 PM (IST)
HighLights
- दहेज की मांग पर अटका था रिश्ता
- सीक्रेट फोन के जरिए बढ़ीं नजदीकियां
- कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया केस
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। शहर की गांधी कॉलोनी में रहने वाली 22 साल की युवती को बिलगांव में रहने वाला युवक रवि शर्मा घर से अपने साथ ले गया। 22 सितंबर सुबह 5.30 बजे की घटना को लेकर कोतवाली पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
इधर, लड़की के गायब होने के बाद रवि का मोबाइल फोन स्विच ऑफ आ रहा है। उसकी दो बहनों ने लड़की के पिता के फोन नंबर को ब्लेकलिस्ट कर दिया है।
युवक बिलगांव का है रहने वाला
जानकारी के मुताबिक, गांधी कॉलोनी में रहने वाले एक परिवार ने अपनी 22 साल की बेटी की शादी के लिए बिलगांव के युवक रवि शर्मा से शादी संबंध की बात चलाई थी। चूंकि रवि के स्वजन ने शादी में दहेज की मांग बढ़ा दी तो लड़की के पिता ने कहा कि अभी इतने रुपए तो देने की गुंजाइश नहीं है।
रुपयों का इंतजाम होने पर फिर बात करेंगे। जब युवती की शादी की बात रवि से चली तो रवि की सबलगढ़ वाली मनीषा व जौरा वाली बहन संध्या का युवती के घर आना जाना हो गया।
मौका पाकर एक बहन युवती को एक मोबाइल फोन दे गई, जिससे रवि की बात युवती से होने लगी।
स्कूल बस चलता है रवि
रवि ने लड़की को बहलाया और शादी करने का झांसा देकर 22 सितंबर की सुबह साढ़े बजे उसके घर के पास पहुंचकर उसे अपने साथ ले गया। रवि के बारे में लड़की के पिता को मालूम हुआ कि वह जौरा में स्कूल बस पर ड्राइवर है। बाद में रवि ने लड़की के पिता से कहा कि वह जयपुर में नौकरी करता है।