
मुरैना। देवरी गांव में जिस गौशाला का संचालन सरकारी जमीन पर और सरकारी अनुदान से किया जा रहा है, उसमें बड़े घोटाले का खुलासा हुआ है। यहां काम करने वाले कुछ लोगों ने प्रशासन से मंगलवार को शिकायत की थी। वहीं नईदुनिया की पड़ताल में ये घोटाला एक या दो महीनों से नहीं, बल्कि पूरे दो साल से चल रहा था।
गौशाला की संचालन समिति के अध्यक्ष और प्रबंधक पद पर सालों से एक ही व्यक्ति का कब्जा है। साथ ही उन पर आरोप है कि गौशाला के 16 सेवादारों में 8 सेवादार उन्होंने अपने रिश्तेदारों को बना दिया। जिन्हें हर महीने एक लाख 12 हजार का भुगतान नगर निगम करता रहा। अब कलेक्टर पूरे मामले की जांच तहसीलदार से करवा रहे हैं।
प्रबंधक खुद, उनके चार भाई और 3 रिश्तेदार ले रहे लाभ
कलेक्टर को की गई शिकायत में गौशाला के पूर्व कर्मचारियों ने साफ कहा है कि प्रबंधक हरिओम पुरी खुद प्रबंधक के अलावा गौसेवक का मानदेय ले रहा है। उसके अलावा उसके भाई अशोक, रविशंकर, हरिशंकर, अनिल पुत्र शिवचरन भी हर महीने 7 हजार के हिसाब से मानदेय ले रहे हैं।
इनके अलावा तीन अन्य रिश्तेदार भी इसमें हर महीने वेतन ले रहे हैं। समिति के सदस्य संजीव खेमरिया खुद और उनकी पत्नी उमाश खेमरिया दोनों गौसेवा के मद में निगम से हर महीने 7 हजार रुपए का लाभ ले रहे हैं। यानी 16 गौसेवकों में दस प्रबंधक और सदस्यों के नाते रिश्तेदार हैं।
दो सालों में लाखों ले लिए नगर निगम से
कर्मचारियों ने सूची भुगतान रिकॉर्ड कलेक्टर मुरैना को सौंपा है। उसके अनुसार साल 2016 से नगर निगम द्वारा गौशाला को गौसेवकों के नाम पर मानदेय दिया जा रहा है। एक महीने में करीब 1 लाख्ा 12 हजार का भुगतान इन लोगों के खाते में जा रहा है। इस हिसाब से अंदाजा लगाया जाए तो अब तक इस तरह नगर निगम करीब 20 से 24 लाख रुपए का भुगतान कर चुकी है।
कलेक्टर को आवेदन देकर आरोपों को बताया झूठा
बुधवार दोपहर हरिओम पुरी ने एक आवेदन कलेक्टर कार्यालय में दिया। इस आरोप में हरिओम पुरी ने बताया कि वह अब गौशाला का प्रबंधक नहीं है। आवेदन में कहा गया कि जिन लोगों ने आरोप लगाए हैं वे उससे दुश्मनी रखते हैं। आवेदन में बताया गया कि शिकायतकर्ता विनोद व सुरेंद्र ने बुधवार को गौशाला पहुंचकर धमकी दी। जिसके बाद हरिओम पुरी को पुलिस बुलानी पड़ी। आवेदन में हरिओम पुरी ने इस शिकायत को द्वेष पूर्ण बताया है।
गौशाला प्रबंधक हरिओम पुरी पर लग रहे आरोपों के बारे में उनका पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल नंबर 9301262965 और 7000148415 पर कई बार कॉल किए गए, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किए।
इनका कहना है
गौसेवकों में प्रबंधक के रिश्तेदार शामिल हैं, यह हमें कैसे पता चलेगा। वैसे भी पैसा उन लोगों के खातों में जाता है, किसी को ऐसे ही नहीं दिया जाता। फिर भी मैं दिखवाता हूं कि कब से यह भुगतान हो रहा है।
डीएस परिहार, आयुक्त नगर निगम
गौशाला और गौशाला के प्रबंधक को लेकर हमारे पास शिकायत आई थी। इस मामले की जांच तहसीलदार कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
भरत यादव, कलेक्टर मुरैना