मुरैना के पोरसा में दो घरों में ताला तोड़कर घुसे चोर, लाखों के जेवर नकदी पार, जागने पर युवक को धक्का देकर किया घायल
पुलिस के मुताबिक रात करीब दो बजे के बाद अज्ञात चोर अमर सिंह कुशवाह के मकान का गेट और ताले तोड़कर अंदर घुस गए।
Publish Date: Thu, 14 May 2026 09:28:51 AM (IST)Updated Date: Thu, 14 May 2026 09:29:23 AM (IST)
चोरी के बाद कमरे में बिखरा पड़ा सामान। सौजन्य पुलिसHighLights
- पोरसा में 12 दिन के भीतर 6 चोरियां
- चोरों का पीछा करने पर मकान मालिक घायल
- चोरों ने पास ही रहने वाले शिक्षक के मकान को निशाना बनाया
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। मुरैना जिले के पोरसा शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। पिछले 12 दिन में आधा दर्जन चोरियों को चोर अंजाम दे चुके है। बुधवार की रात भिंड रोड स्थित संगम नगर में चोरों ने दो मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और हजारों रुपए की नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में भय और आक्रोश देखा जा रहा है।
रात करीब दो बजे चोरों ने बोला धावा
जानकारी के अनुसार रात्रि करीब 2 बजे के बाद अज्ञात चोर अमर सिंह कुशवाह के मकान का गेट और ताले तोड़कर अंदर घुस गए। इसी दौरान आवाज सुनकर अमर सिंह कुशवाह की नींद खुल गई। उन्होंने चोरों को देखकर शोर मचाया और उनका पीछा किया, लेकिन भागते समय चोरों ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वह घायल हो गए। चोर उनके घर की अलमारी का ताला तोड़कर करीब 5 हजार रुपए चोरी कर फरार हो गए।
इसके बाद चोरों ने पास ही रहने वाले शासकीय शिक्षक अरविंद सिंह तोमर के मकान को निशाना बनाया। बताया गया है कि घर का गेट अंदर से बंद होने के बावजूद चोर ताला तोड़कर घर में घुस गए और कमरे में रखी अलमारी के लॉक तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण तथा 72 हजार रुपए नगद चोरी कर ले गए।
सुबह जब अरविंद सिंह तोमर जागे तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला और अलमारी के ताले टूटे हुए थे। पीड़ित के अनुसार चोरी हुए सामान में सोने की चार चूड़ियां, छह अंगूठियां, बृजबाला, सुई-धागा, टॉप्स, बाला, तोड़िया, बच्चों की बालियां, ठाकुर जी महाराज की बाली सहित अन्य कीमती जेवरात शामिल हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र के लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।