मुरैना में किशोरी का बाइक सवार युवकों ने किया किडनैप, छूटकर घर लौटी तो जहर खाकर दी जान
बागचीनी पुलिस किशोरी की मौत से जुड़े कारणों की जांच कर रही है।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 11:10:31 AM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 11:41:13 AM (IST)
HighLights
- मौसी के गृह प्रवेश में आई थी किशोरी
- छोटी बहन को कमरे में बंद कर ले गए युवक
- बागचीनी पुलिस मौत के कारणों की जांच में जुटी
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। सेठवारी में रहने वाली 17 साल की किशोरी ने बुधवार को घर पहुंचने के बाद जहर गटक लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद किशोरी का गुरुवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। बागचीनी पुलिस किशोरी की मौत से जुड़े कारणों की जांच कर रही है।
मुरैना में अपनी मौसी के नये मकान के गृह प्रवेश में गई थी किशोरी
जानकारी के मुताबिक, सेठवारी में रहने वाली किशोरी 15 नवंबर को अपनी छोटी बहन के साथ मुरैना के प्रेमनगर में अपनी मौसी के नवीन मकान के गृह प्रवेश आयोजन में शामिल होने आई थी। मकान के गृह प्रवेश के बाद 18 नवंबर को किशोरी के मौसा-मौसी अपने घर आईं दो बेटियों के लिए कपड़ा खरीदने बाजार चले गए, तभी बाइक पर सवार होकर आए खदरन का पुरा के द्वारिका जाटव के दो लड़के, सेठवारी की किशोरी को उसकी मौसी के घर से जबरन उठा ले गए।
आरोपियों ने छोटी बहन को कमरे में कर दिया था बंद
किशोरी को अगवा करने के दौरान उसकी छोटी बहन को कमरे में बंद कर दिया था। किशोरी उन युवकों के कब्जे से छूटकर अपने घर सेठवारी पहुंची तो उसने जहर गटक लिया जिससे उसे उल्टी होने लगीं। किशोरी को उसके परिवार के लोग उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आए। डॉक्टर ने चेकअप के साथ किशोरी को मृत घोषित कर दिया।