
मुरैना। कलुआपुरा में अज्ञात बुखार 15 दिन से फैला है। गांव के बीमार ग्रामीणों को शनिवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गांव की स्थिति को देखते हुए सीएमएचओ डॉ. जीएस राजपूत रविवार को कलुआपुरा गांव पहुंचे। इधर जिला अस्पताल में जिन मरीजों को भर्ती कराया गया है, उनमें कुछ मरीजों की स्लाइड जांच में मलेरिया पॉजीटिव पाया गया है। साथ ही एक मरीज में डेंगू जैसे लक्षण पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग इस मरीज की जांच करा रहा है।
उल्लेखनीय है कि कुलआपुरा में 16 अक्टूबर से पहले से अज्ञात बुखार फैला हुआ है। बुखार की वजह से गांव में 300 से अधिक लोग बीमार हो गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम रोजाना गांव में जाकर मरीजों को मलेरिया की दवाई दे रही थी पर दवा मरीजों पर असर नहीं कर रही थी। गांव में दो महिलाओं की मौत भी बुखार की वजह से हो गई थी। महिलाओं की मौत के बाद स्वास्थ्य प्रशासन हरकत में आया और कलुआपुरा गांव में बीमार मरीजों को जिला अस्पताल लेकर आया।
कई मरीजों में मिला मलेरिया पॉजीटिव
स्वास्थ्य विभाग की मलेरिया टीम ने गांव में मौजूद मरीजों व अस्पताल में भर्ती मरीजों के ब्लड की जांच की और उसमें मलेरिया पॉजीटिव पाया गया है। हालांकि अन्य मरीज वायरल के पाए गए हैं।
एक मरीज में डेंगू के लक्षण
अस्पताल में भर्ती कराए गए मरीजों में एक मरीज में डेंगू के लक्षण पाए गए हैं। हालांकि अभी स्वास्थ्य विभाग इसकी पुष्टि नहीं कर रहा है। विभाग ने इस मरीज के अन्य टेस्ट भी किए हैं। अभी उनकी रिपोर्ट आना बाकी है। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि उसमें डेंगू है या नहीं।
17 अक्टूबर से जा रही है टीम
स्वास्थ्य विभाग की टीम 17 अक्टूबर से कलुआपुरा गांव में मरीजों का इलाज करने जा रही है। टीम ग्रामीणों को दवाएं भी दे रही है, लेकिन ग्रामीणों पर इसका असर नहीं हो रहा है। इस वजह से ग्रामीणों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शनिवार को गांव में इलाज की स्थिति का जायजा लेने के लिए सीएमएचओ डॉ. जीएस राजपूत कलुआपुरा पहुंचे।
इनका कहना है
-कुछ मरीजों में मलेरिया पॉजीटिव पाया गया है। एक मरीज में डेंगू जैसे लक्षण हैं। उसकी जांच कराई जा रही है। कलुआपुरा में 17 अक्टूबर से लगातार विभाग की टीम जा रही है और ग्रामीणों का इलाज कर रही है।
डॉ. जीएस राजपूत, सीएमएचओ, मुरैना