मुरैना में जुलूस के दौरान लहराई बंदूक, पुलिस से छीनाझपटी के बाद दो नामजद सहित अन्य पर केस
यह पूरा घटनाक्रम स्टेशन रोड थाने से कुछ दूर, जिला न्यायाधीश बंगले के ठीक सामने हुआ। पुलिस ने रैली की मंजूरी लेने वाले कोली समाज के अध्यक्ष व एक अन्य पर केस दर्ज किया है।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 07:45:56 AM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 07:54:04 AM (IST)
रायफल को पुलिस से छीनता हुआ युवक और रायफल लहराता हुआ। वीडियो ग्रैबHighLights
- समारोह के बीच तलवार और बंदूक का प्रदर्शन
- जब्ती के दौरान पुलिस से धक्कामुक्की और छीनाझपटी
- शर्तों के उल्लंघन पर एफआईआर व वीडियो से पहचान
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। झलकारी बाई जयंती पर रविवार को मुरैना में निकले चल समारोह में बवाल हो गया। कुछ युवक बंदूक व तलवारें लहराते हुए भीड़ में नाच रहे थे। हथियारों के इस तरह के प्रदर्शन पर प्रतिबंध होने के कारण पुलिस टीम ने बंदूक को जब्त कर लिया, लेकिन भीड़ ने पुलिसकर्मियों को घेरकर जमकर धक्कामुक्की की और बंदूक को छीनकर ले गए।
यह पूरा घटनाक्रम स्टेशन रोड थाने से कुछ दूर, जिला न्यायाधीश बंगले के ठीक सामने हुआ। पुलिस ने रैली की मंजूरी लेने वाले कोली समाज के अध्यक्ष व एक अन्य पर केस दर्ज किया है।
कोली समाज ने निकाला चल समारोह
रविवार को झलकारी बाई जयंती पर कोली समाज ने भव्य चल समारोह निकाला। यह चल समारोह बैरियर चौराहा से शुरू होकर मुख्य बाजार की ओर जा रहा था। करीब एक किलोमीटर लंबे चल समारोह में कई प्रकार की झांकी, बैंड-बाजों की धुनों पर नाचते युवाओं की टोली, बाइक रैली आदि चल रही थी। जब एक टोली स्टेशन रोड थाने व कलेक्टर बंगले से आगे निकल रही थी, तभी कुछ युवाओं ने तलवार निकाल लीं, एक युवक ने बंदूक निकाली और उसे लहराते हुए नाचने लगा।
तैनात पुलिसकर्मी ने युवक से बंदूक लेकर जब्त कर ली। बंदूक लेकर पुलिसकर्मी आगे बढ़ रहा था, तभी भीड़ ने घेर लिया। भीड़ को रोकना चाहा, लेकिन भीड़ में शामिल युवा उग्र हो गए। पुलिसकर्मियों से खींचतान कर बंदूक छीन ली। इसके बाद तलवार व बंदूक लिए युवक भीड़ में कहीं गायब हो गए। बंदूक का प्रदर्शन व छीनाझपटी का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
चल समारोह की मंजूरी कोली समाज के अध्यक्ष नरोत्तम माहौर ने ली थी। यह अनुमति की शर्तों का उल्लंघन है, इसलिए नरोत्तम माहौर के साथ ही नवीन माहौर व उनके सहयोगियों पर धारा 223 (ए) के तहत केस दर्ज किया गया है। बंदूक छीनकर ले जाने वालों की पहचान वीडियो के आधार पर की जा रही है। - अमित भदौरिया, कोतवाली टीआई, मुरैना