
नईदुनिया न्यूज,नरसिंहपुर/ गोटेगांव। अनाज ट्रेडिंग कारोबार और कार रेंटल कंपनी में वाहन लगाने के नाम पर करीब 20 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर गोटेगांव थाना पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है, जहां से उन्हे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार बेलहाई निवासी रंजीत पटेल (30 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई कि सिद्धेश्वर कॉलोनी गोटेगांव खेड़ा निवासी तन्मय तिवारी, आयुष तिवारी और अमीष तिवारी ने उसे ऑरेंज कैप कार रेंटल कंपनी में 30 वाहन लगाकर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया था।
आरोपियों ने कंपनी से अनुबंध होने का दावा किया था। झांसे में आकर रंजीत ने 20 अगस्त 2025 को बैंक से 7.47 लाख रुपये का ऋण लेकर तन्मय के खाते में ट्रांसफर किए और उसी दिन 49 हजार रुपए यूपीआई के जरिए अमीष को दिए। इसके बाद 13 नवंबर 2025 को बेलहाई में अन्य लोगों की मौजूदगी में 12 लाख रुपये नकद आयुष और तन्मय को सौंपे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि राशि प्राप्त करने के बाद आरोपियों ने न तो गाड़ियां कंपनी में लगवाईं और न ही रकम लौटाई। पैसे मांगने पर टालमटोल की गई और बाद में आरोपी मोबाइल बंद कर घर से फरार हो गए।
आरोपियों पर पूर्व में भोपाल के कमला नेहरू नगर तथा जबलपुर के मदन महल, गढ़ा और विजय नगर थानों में भी इसी तरह की ठगी के मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है, जिसकी पुष्टि पुलिस अभिलेखों से की जा रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर की बड़ी खेरमाई मंदिर के पास दूध वाले को सांड ने 20 फीट हवा में उछाला