
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। गाडरवारा थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म की गंभीर घटना सामने आई है। आरोप है कि बालिका के पिता के करीबी रहे 28 वर्षीय युवक ने 20 फरवरी की रात्रि को बालिका के घर के समीप ही इस वारदात को अंजाम दिया। साथ ही पीड़िता को धमकी दी कि यदि इस बात का जिक्र किसी से किया तो जान से मार दूंगा।
घटना के बाद बालिका डरी-सहमी और असहज हो गई। उसके व्यवहार में बदलाव देखकर परिजनों ने इस संबंध में पूछताछ की तो उसने सारी बात अपने माता-पिता को बता दी। इसके बाद परिजन बालिका को गाडरवारा थाना लेकर गए और पुलिस में शिकायत की। पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना गाडरवारा में आरोपी के विरुद्ध 64(1), 65(1), 332(b), 351(3) बीएनएस, 3, 4 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर डॉ. ऋषिकेश मीना ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस गाडरवारा ललित सिंह डागुर के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी गाडरवारा निरीक्षक अशोक सिंह चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
यह भी पढ़ें- रतलाम के हिस्ट्रीशीटर हर्ष उर्फ कटोरा की सड़क हादसे में मौत, 16 से ज्यादा केस, हत्या के प्रयास का था आरोपी
गठित विशेष टीम ने 8 घंटे के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त कर ली। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक मनीषा लिल्हारे, सहायक उप निरीक्षक राजेश तिवारी, प्रधान आरक्षक अंजली दुबे, आरक्षक अखिलेश पटेल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।