
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जबलपुर लोकायुक्त पुलिस की टीम ने सोमवार को सहकारिता विभाग के डीआर (डिप्टी रजिस्ट्रार) कार्यालय में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान सहकारिता विभाग के डीआर चार्ज राजेंद्र सिंह को 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है। उनके साथ अमित श्रीवास्तव को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरहेटा समिति के प्रबंधक अशोक पटेल ने लोकायुक्त जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि डीआर चार्ज राजेंद्र सिंह द्वारा कार्य के बदले उनसे 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और सोमवार को नेहरू स्कूल के सामने स्थित कार्यालय में जैसे ही फरियादी से 8 हजार रुपये की किस्त ली गई, टीम ने दबिश देकर आरोपी अधिकारी को रंगे हाथों धर दबोचा।
कार्रवाई संपन्न करने के बाद लोकायुक्त की टीम संबंधित अधिकारियों और प्रकरण से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों को सर्किट हाउस ले गई।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के मेडिकल काॅलेज अस्पताल के एनाटाॅमी विभाग में घुसा सात फीट लंबा सांप, पढ़ाई कर रहे छात्रों में अफरा-तफरी