
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। जबलपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर सुआतला थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर के पास छह दोस्तों को कुचलने की घटना (Narsinghpur Road Accident)में घायल नीरज लोधी (25 वर्ष), निवासी बरपटी, ने जबलपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
इसके साथ ही इस हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। मामले में सुआतला पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस का मानना है कि टक्कर के बाद चालक का फरार होना और वाहन को छिपाया जाना मामले को सामान्य सड़क दुर्घटना से आगे ले जाता है।
हादसे की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जबलपुर से भोपाल की ओर जा रहा संदिग्ध हाइवा घटना के बाद आगे किसी भी टोल प्लाजा से नहीं गुजरा। इस आधार पर नरसिंहपुर पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने आशंका जताई कि वाहन को हाईवे से हटाकर किसी सुनसान स्थान या जंगल में छिपाया गया होगा। इसके बाद पुलिस की चार विशेष टीमों ने रातभर हाईवे से सटे जंगलों और निर्जन क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया। रात करीब 12:30 बजे से तड़के 3 बजे के बीच पुलिस ने जंगल में छिपाकर खड़ा किया गया हाइवा बरामद कर लिया।
बरामद हाइवा पर नंबर प्लेट नहीं थी। पुलिस ने इंजन और चेचिस नंबर के आधार पर आरटीओ रिकॉर्ड की जांच की, जिससे वाहन मालिक की पहचान बेलखेड़ा के सुंदरादेही निवासी आनंद ठाकुर (राजपूत) के रूप में हुई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आनंद ठाकुर पर पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। फॉरेंसिक और भौतिक जांच में हाइवा से दुर्घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य भी मिले हैं।
यह भी पढ़ें- जबलपुर जिला बार चुनाव में बवाल, अधिवक्ताओं के विरोध और मतपत्र विवाद के बाद मतदान रुका
पुलिस का मुख्य फोकस घटना के समय वाहन चला रहे ड्राइवर की पहचान और गिरफ्तारी पर है। फिलहाल वाहन मालिक आनंद ठाकुर और संभावित चालक दोनों के मोबाइल फोन बंद हैं। पुलिस की टीमें उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, दोनों से पूछताछ के बाद ही घटना का पूरा घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा। सुआतला थाना पुलिस ने आरोपित चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।