
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर/गाडरवारा। मध्य प्रदेश की गाडरवारा थाना पुलिस ने बसों में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक ऐसे शातिर अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है जो बेहद अनोखे तरीके से वारदातों को अंजाम देता था।
.jpg)
यह गिरोह बसों में यात्रियों को हींग बेचने के बहाने चढ़ता था और भीड़ का फायदा उठाकर ब्लेड से बैग काटकर कीमती आभूषण चोरी कर लेता था। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के रहने वाले तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है. इनके पास से करीब 3 लाख रुपये की कीमत के चोरी गए सोने और चांदी के जेवर भी बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, इस पूरे गिरोह का खुलासा 28 जून 2026 को गाडरवारा बस स्टैंड पर हुई एक चोरी की शिकायत के बाद हुआ. एक पीड़ित यात्री ने गाडरवारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जब वह बस में यात्रा कर रहा था, तब अज्ञात बदमाशों ने नजर बचाकर उसके बैग को ब्लेड से काट दिया और उसमें रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण पार कर दिए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने तुरंत मामले को संज्ञान में लिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया व एसडीओपी गाडरवारा ललित सिंह डागुर के मार्गदर्शन में एक विशेष पुलिस टीम का गठन कर चोरों की तलाश शुरू करवाई।
विशेष पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास के तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला और क्षेत्र में अपने मुखबिर तंत्र को पूरी तरह सक्रिय कर दिया। इसी जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से एक सटीक सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध हुलिए के व्यक्ति गाडरवारा के कौड़िया रोड क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचकर चारों तरफ से घेराबंदी की और तीनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया. कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पकड़े गए तीनों आरोपित उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के मिर्जापुर के निवासी हैं। गिरफ्तार किए गए चोरों में 35 वर्षीय योगेंद्र पिता उदल सिंह, 42 वर्षीय सत्तू पिता प्रभूदयाल सिंह और 27 वर्षीय भूपेन्द्र सिंह पिता मोहनलाल सिंह शामिल हैं। इन आरोपितों ने बताया कि वे पुलिस और यात्रियों के संदेह से बचने के लिए बसों में घूम-घूमकर हींग बेचने का ढोंग रचते थे। जैसे ही बस में भीड़ बढ़ती थी, ये यात्रियों के पास जाकर खड़े हो जाते थे और मौका पाकर ब्लेड से बैग काटकर जेवरात निकाल लेते थे।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही और तलाशी के दौरान चोरी गया 1 सोने का हार, 1 सोने की अंगूठी और 1 चांदी का कमरबंद बरामद किया है। बरामद किए गए कुल 13 ग्राम सोने और 300 ग्राम चांदी के इन आभूषणों की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 3 लाख रुपये है।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी अशोक सिंह चौहान, उप निरीक्षक अंकित रावत और उनकी टीम की मुख्य भूमिका रही।