
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। जिले में सर्पदंश की घटनाएं अत्यंत जानलेवा साबित हो रही हैं। शासकीय जिला अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार बीते 8 महीनों के भीतर 60 से अधिक लोग सर्पदंश का शिकार होकर इलाज के लिए भर्ती कराए गए, जिनमें से 19 पीड़ितों की उपचार के दौरान मौत हो गई।
सर्पदंश के बाद परिजन मरीजों को तत्काल अस्पताल लाने के बजाय झाड़-फूंक और तांत्रिकों के चक्कर में उलझाए रखते हैं। इस देरी के कारण जहर शरीर में तेजी से फैल जाता है और अस्पताल पहुंचते-पहुंचते मरीज की स्थिति अत्यंत चिंताजनक हो जाती है। यह आंकड़ा केवल जिला अस्पताल का है, जबकि निजी अस्पतालों एवं अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में भी बड़ी संख्या में मामले पहुंचे हैं।
अस्पताल से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जून माह में 19 लोग जिला अस्पताल में भर्ती हुए थे, जिनमें से 9 की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसी तरह जुलाई माह में 12 मरीज भर्ती हुए, जिनमें से 9 लोगों ने अपनी जान गंवाई। वहीं अगस्त माह में 15 लोग भर्ती कराए गए, जिनमें से 2 की मौत हुई।
जून माह की 15 तारीख को एक अत्यंत हृदयविदारक घटना सामने आई थी, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया। साईंखेड़ा थाना अंतर्गत ग्राम पिपरास में रात को फर्श पर सो रही नीलम राजपूत (35 वर्ष) और उनके बेटे राम राजपूत को कमरे में घुसे जहरीले सर्प ने डस लिया। परिजनों द्वारा अस्पताल ले जाए जाने पर इलाज के दौरान पहले बालक और फिर मां की मौत हो गई।
अंधविश्वास के कारण जान गंवाने का एक मामला 23 जून को सामने आया, जब ग्राम सिमरिया निवासी 15 वर्षीय बालक सागर पिता रामलाल ठाकुर को सर्पदंश के बाद परिजनों ने सीधे अस्पताल ले जाने के बजाय बरहटा के पास ग्राम सिवनी बंधा में एक गुनिया के पास ले गए।
करीब दो घंटे तक झाड़-फूंक चलती रही और बालक की हालत बिगड़ती गई। जब गुनिया ने हाथ खड़े कर दिए, तब परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक जहर पूरे शरीर में फैल चुका था और चिकित्सक बालक को बचा नहीं सके।
सुआतला थाना क्षेत्र के ग्राम बगदरा के पास जंगल में बकरी के लिए पत्ती लेने गए 60 वर्षीय इंद्रपाल को सांप ने काट लिया। पीड़ित इंद्रपाल के मुताबिक, वह बकरी के लिए पेड़ से पत्तियां काटकर उन्हें बांध रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके हाथ पर सांप ने काट लिया। घटना के बाद साथ मौजूद दोनों युवकों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
सर्पदंश की स्थिति में समय ही सबसे महत्वपूर्ण घटक होता है। अंधविश्वास और झाड़-फूंक के चक्कर में कीमती समय बर्बाद करने के कारण ही अधिकांश मामलों में स्थिति गंभीर और जानलेवा हो जाती है। पीड़ित व्यक्ति को तुरंत नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल लेकर जाएं। जिला अस्पताल में एंटी-स्नेक वेनम और आवश्यक आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं पूरी तरह उपलब्ध हैं। झाड़-फूंक या देशी इलाज के भ्रम में न रहें, समय पर मिला सही डॉक्टरी इलाज ही मरीज की जान बचा सकता है।
डाॅ. देवेंद्र रिपुदमन सिंह, लोक स्वास्थ्य विशेषज्ञ नरसिंहपुर
यह भी पढ़ें- बेला सीमेंट प्लांट को हरित पट्टी मजबूत करने सहित कई सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश