Narsinghpur News :नरसिंहपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। नरसिंहपुर के कोतवाली थाना अंतर्गत रेलवे के खेदापुल में एक व्यक्ति का शव फांसी के फंदे पर झूलता मिला। शव रेलवे लाइन के ऊपर लटते देखे जाने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद मौके पर कोतवाली थाने की पुलिस पहुंची। शव रेलवे पुल की रेलिंग में बंधे कपड़े की रस्सी में लटका रहा था। देखने में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि किसी ने हत्या कर शव को लटका दिया है। हालांकि पुलिस ने प्रथमदृष्टया आत्महत्या का मामला बताते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार मृतक नरेंद्र सूर्यवंशी पिता ब्रम्हानंद सूर्यवंशी है जो कि नरसिंहपुर गुरुद्वारा के पास का रहने वाला था। मृतक हवेली रेस्टारेंट में मुख्य कुक का काम करता था। जो कि आठ दिन से घर से गायब था। खेदापुल रेलवे पर सुबह 10 बजे पुलिस को फांसी के फंदे पर झूलते व्यक्ति की सूचना मिली।
जांच के बाद पुलिस ने शव को फंदे से निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया जा रहा है कि मृतक अपने बड़े साले के घर भी गया था और वहां से उसने 100 रुपये लिए थे जिसके बाद वह चला गया था। सुबह उसका शव मिला। वहीं चर्चा का माहौल गर्म है कि यह आत्महत्या नहीं हत्या है। घटना की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है।