
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। जिले से ग्रामीण अंचलों में बुनियादी सुविधाओं और विकास के दावों की जमीनी हकीकत बयां करती एक बेहद दुखद और शर्मनाक तस्वीर सामने आई है।
ग्राम पंचायत बांसखेड़ा के गांव भूत पिपरिया का है, जहां पक्की सड़क न होने के कारण ग्रामीणों को अंतिम यात्रा के दौरान भी भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसने प्रशासनिक दावों की धज्जियां उड़ा दीं।
कदम-कदम पर फिसलते पांव और दलदल में फंसती गाड़ियां इस बात का सबूत हैं कि यहां जीवन तो कठिन है ही, मृत्यु के बाद का सफर भी बेहद पीड़ादायक बन चुका है। ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के मौसम में यह पूरा कच्चा मार्ग जलभराव के कारण पूरी तरह दलदल में बदल जाता है।
सामान्य दिनों में भी यहां से निकलना आसान नहीं होता, लेकिन बारिश में स्थितियां बद से बदतर हो जाती हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि वे पिछले कई वर्षों से मुक्तिधाम तक पक्की सड़क का निर्माण कराने के लिए पंचायत से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों तक गुहार लगा चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें केवल खोखले आश्वासन ही मिले।
इस वीडियो के वायरल होने के बाद स्थानीय पंचायत प्रशासन की कार्यप्रणाली और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने एक बार फिर जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि समस्या का संज्ञान लेकर मुक्तिधाम मार्ग का शीघ्र अति शीघ्र निर्माण कराया जाए।
यह भी पढ़ें- एमपी में रिटायर्ड महिला सब इंस्पेक्टर के 17 लाख रुपये नहीं लौटाने पर HC नाराज, अधिकारियों को चार सप्ताह की मोहलत