Narsinghpur News : तेंदूखेडा (नईदुनिया प्रतिनिधि)। तेंदूखेडा तहसील मुख्यालय से 20 किमी दूर ग्राम हीरापुर इन दिनों आस्था का केंद्र बना हुआ है। यहां मां नर्मदा के तट ललिता घाट पर कैलाश कुटी के नाम से विख्यात दक्षिण भारतीय स्थापत्य शैली में विराजित श्री राजराजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी ललिता देवी जी का मंदिर स्थापित है जहां कई धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। इस मंदिर का निर्माण ईश्वरीय प्रेरणा से नर्मदा परिक्रमा के दौरान प्रख्यात संत षडमुखानंद महाराज जिन्हें स्वामी जी महाराज हीरापुर वालों के नाम से भी जाना जाता है, उन्होंने कराया था। तब से मंदिर उपासना का केंद्र बना हुआ है। यहां विशाल श्रीयंत्र भी स्थापित है। साथ ही अन्य देवी देवताओं के साथ नवग्रह विराजित हैं। प्रति दिन सैकड़ों दर्शनार्थी मां पराम्बा के दर्शन करने दूर-दूर से दर्शन पूजन के लिए पहुंचते हैं।

मंदिर का प्रबंधन श्री कैलाश कुटी संस्थान के द्वारा किया जाता है। भारतीय सत्य सनातनी परम्परा को संरक्षण दिए जाने क्षेत्र के ब्राह्मण कुल के बच्चों को यहां संस्कृत पाठशाला और वृहद स्तर पर गो शाला का संचालन भी किया जाता है। महाराज द्वारा भारत वर्ष के विभिन्ना तीर्थ क्षेत्रों में आश्रमों का निर्माण भी कराया जा रहा है। वहीं हर साल यहां पर वृहद स्तर पर राजराजेश्वरी महायज्ञ का आयोजन भी किया जाता है। जहां विख्यात संत महात्मा पधारकर अमृत ज्ञान की वर्षा भी किया करते हैं।

चल रहा 34वां राजराजेवश्वरी महायज्ञ-

पुण्य सलिला मां नर्मदा के पावन तट कैलाश कुटी ललिता घाट हीरापुर स्थित श्री राजराजेश्वरी मंदिर में प्रत्येक वर्ष के अनुसार इस वर्ष भी 34 वां श्री राजराजेश्वरी महायज्ञ एवं महारुद्र यज्ञ का आयोजन जारी है। 28 जनवरी से 05 फरवरी के तक यह आयोजित किया जा रहा है। एक तीर्थ के रूप में विकसित हो रहे ललिता घाट में 29 जनवरी से 4 फरवरी तक अयोध्या वृन्दावन पीठाधीश्वर श्रीमद् जगदगुरु रामनुजाचार्य, स्वामी विश्वेश प्रपन्नााचार्य महाराज, सुग्रीव किला अयोध्या। 4 फरवरी को डा. स्वामी नरहरि दास महाराज नरसिंह मंदिर गीता धाम जबलपुर पहुंच रहे हैं। जहां दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे के बीच प्रवचन के रूप में अमृत ज्ञान की चर्चा होगी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन लाभ लेने एवं कथा श्रवण करने के लिए हीरापुर पंहुच रहें है। 05 फरवरी को स्वामी जी महाराज की चरण पादुका पूजन के साथ पूर्णाहुति की जाएगी।

Posted By: Dheeraj Bajpaih

Mp
Mp
 
google News
google News