
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। जिला मुख्यालय की धनारे कॉलोनी (गली नंबर 3) में एक एलआईसी एजेंट की आर्थिक तंगी और मानसिक प्रताड़ना के चलते फंदे पर झूलने की दर्दनाक घटना सामने आई है। मृतक की पहचान 52 वर्षीय प्रकाश पिता प्रेमलाल कहार के रूप में हुई है, जिनका शव उनके ही घर की पहली मंजिल पर फांसी के फंदे से लटकता मिला। कमरे में मिली एक डायरी से पुलिस ने सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसमें होम फाइनेंस कंपनी की मनमानी और मोटा ब्याज वसूलने वाले सूदखोरों की प्रताड़ना का स्पष्ट उल्लेख है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे प्रकाश कहार अपने घर की पहली मंजिल स्थित कमरे में सोने चले गए थे। शाम करीब 6:30 बजे तक जब वे नीचे नहीं आए, तो उनका बेटा प्रशांत उन्हें बुलाने ऊपर गया। कमरा अंदर से बंद था।
किसी तरह अंदर की चिटकनी खोलकर जब प्रशांत भीतर पहुंचा, तो पिता को सीलिंग के लोहे के एंगल से नायलॉन की रस्सी के सहारे लटकता देख उसके होश उड़ गए। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 को दी गई। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां सोमवार सुबह पोस्टमार्टम किया गया।
मृतक के पुत्र प्रशांत ने बताया कि 10 वर्ष पूर्व धनारे कॉलोनी में मकान खरीदने के लिए उनके पिता ने होम फाइनेंस कराया था, जिसकी मासिक किस्त करीब 26 हजार रुपए थी। कुछ समय पूर्व 3 लाख रुपए ओवरड्यू होने पर राशि की व्यवस्था कर ली गई थी, लेकिन कंपनी अचानक 9 लाख रुपए ओवरड्यू बताने लगी और परिजनों की बात सुनने से इनकार कर दिया।
बीती 17 जुलाई को फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों ने मकान पर पहुंचकर सभी को बाहर निकाल दिया और मकान सील कर दिया था। हालांकि, एक महीने की मोहलत मिलने पर परिजन पुनः उसी मकान में रहने लगे थे।
इस वित्तीय संकट से निपटने के लिए प्रकाश कहार ने चेक देकर कुछ लोगों से मोटे ब्याज पर पैसा उधार लिया था। रकम न चुका पाने पर सूदखोर उन्हें लगातार मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे, जिसकी शिकायत उन्होंने पूर्व में पुलिस से भी की थी।
यह भी पढ़ें- सीधी के रामपुर में तेज बारिश में जर्जर दीवार गिरने से दो लोगों की मौत,दो घायल
पुलिस को मिले सुसाइड नोट में उन 5-6 लोगों के नामों का स्पष्ट उल्लेख है जो प्रकाश कहार को भारी-भरकम ब्याज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। साथ ही इसमें फाइनेंस कंपनी द्वारा दी जा रही प्रताड़ना की पूरी व्यथा दर्ज है। कोतवाली थाना पुलिस सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर मामले की गहन जांच कर रही है।