केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने 2,774 किलो से अधिक अवैध डोडाचूरा और 5 वाहन किए जब्त, 4 गिरफ्तार
कुछ दिनों में तीन बड़ी और सफल कार्रवाई के तहत कुल 2,774.650 किलोग्राम अवैध पोस्त भूसा (डोडाचूरा) और 5 वाहन जब्त किए गए हैं तथा इस मामले में 4 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
Publish Date: Sun, 01 Nov 2026 10:25:10 AM (IST)Updated Date: Sun, 01 Nov 2026 10:25:10 AM (IST)
जब्त डोडाचूरा। -नईदुनियाHighLights
- मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर कंटेनर से 2,308 किलो डोडाचूरा बरामद
- इसहाकपुर में पिकअप और बोलेरो से 416 किलो डोडाचूरा जब्त
- फतेहगढ़-पिपलिया मंडी मार्ग पर कार और बाइक से 50.090 किलो डोडाचूरा जब्त
नईदुनिया प्रतिनिधि, नीमच : केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन), मध्य प्रदेश यूनिट ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध खेती के खिलाफ चलाए जा रहे अपने विशेष अभियान के तहत पिछले कुछ दिनों में तीन बड़ी और सफल कार्रवाई को अंजाम दिया है।
इस दौरान कुल 2,774.650 किलोग्राम अवैध पोस्त भूसा (डोडाचूरा) और 5 वाहन जब्त किए गए हैं तथा इस मामले में 4 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। यह समन्वित प्रवर्तन अभियान मादक पदार्थों की अवैध खेती, उत्पादन, कब्जे और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो, मध्य प्रदेश यूनिट की लगातार सतर्कता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर कंटेनर से 2,308 किलो डोडाचूरा बरामद
27 अक्टूबर 2026 को सीतामऊ के पास मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे के लिए टीम को खास खुफिया जानकारी मिली थी कि राजस्थान नंबर का एक कंटेनर ट्रक भारी मात्रा में डोडाचूरा लेकर पंजाब की ओर जा रहा है। तलाशी के दौरान चने के छिलके (कवर कार्गो) के 598 सफेद कट्टों के नीचे छुपाकर रखे गए 115 सफेद कट्टों से कुल 2,308 किलोग्राम पोस्त भूसा (डोडाचूरा) बरामद किया गया। एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत विधिक औपचारिकताएं पूरी कर कंटनेर और मादक पदार्थ को जब्त कर लिया गया तथा एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
इसहाकपुर (मंदसौर) में पिकअप और बोलेरो से 416 किलो डोडाचूरा जब्त
इसहाकपुर जिला मंदसौर में सीबीएन की टीम ने एक संदिग्ध फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर वाली पिकअप ट्रक और एक बोलेरो कार को रोका। टीम द्वारा पीछा किए जाने पर बोलेरो छोड़कर एक संदिग्ध मौके से फरार हो गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति को पकड़ लिया गया।
दोनों वाहनों की तलाशी लेने पर कुल 416.560 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा (22 प्लास्टिक बैग में, जिसमें 17 बैग पिकअप से और 5 बैग बोलेरो से) बरामद हुआ। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत दोनों वाहनों और डोडाचूरा को जब्त कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। मामले की आगे की जांच की जा रही है।
फतेहगढ़-पिपलिया मंडी मार्ग पर कार और बाइक से 50.090 किलो डोडाचूरा जब्त
फतेहगढ़-नायकखेड़ा-पिपलिया मंडी रूट कार्रवाई खुफिया इनपुट के आधार पर सीबीएन ने एक कार और एक मोटरसाइकिल को रोका। मोटरसाइकिल कार को आगे-आगे रास्ता दिखाते हुए (पाइलटिंग करते हुए) चल रही थी। यह कार फतेहगढ़ फंटा से पिपलिया मंडी की ओर लगभग 50-60 किलो डोडाचूरा ले जा रही थी। बरामदगी कार की गहन तलाशी के दौरान दो बोरियों में भरा 50.090 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थ, हुंडई कार और टीवीएस मोटरसाइकिल को जब्त कर दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में भी आगे की कार्रवाई जारी है।