
Coronavirus Madhya Pradesh News : नीमच (नईदुनिया प्रतिनिधि)। जिले की जावद तहसील की वृद्धा मूरीबाई पत्नी स्व. केशुराम छुवारिया कोरोना को मात देकर सोमवार को घर लौटीं। स्वजन के अनुसार वे 105 साल की हैं। नीमच जिला अस्पताल में इलाज के बाद घर के लिए रवाना होने पर डॉक्टरों व स्टाफ और जावद में घर पहुंचने पर मोहल्लावासियों ने तालियां बजाकर वृद्धा का सम्मान किया।
105 वर्षीय महिला का कोरोना से जंग जीतने का यह मप्र में संभवतः पहला मामला होगा। सोमवार को जिला अस्पताल के कोविड हेल्थ सेंटर से मूरी बाई समेत छह लोगों को डिस्चार्ज किया गया। ये सभी जावद निवासी हैं। बता दें जिले में जावद सबसे बड़ा हॉटस्पॉट बना था। यहीं से भाजपा विधायक ओमप्रकाश सखलेचा भी संक्रमित हुए थे।

सादा भोजन और गाइड लाइन का पालन कर वृद्घा स्वस्थ
सिविल सर्जन डॉ. बीएल रावत ने बताया कि 18 जून को मूरीबाई का स्वास्थ्य खराब हुआ था। उन्हें गले में तकलीफ थी। इस शिकायत पर जावद से यहां लाया गया व जिला अस्पताल के आइसीयू में भर्ती किया गया था। शुरू में उनका ब्लड प्रेशर अनियंत्रित था। साथ ही उन्हें भोजन करने में भी दिक्कत आ रही थी। मेडिसिन और नियमित दिनचर्या से वृद्घा का स्वास्थ्य ठीक होता गया। उन्हें सादा भोजन दिया गया।
उन्होंने कोविड-19 के सभी गाइड लाइन का नियमित पालन किया। मूरीबाई के बेटे प्रभुलाल ने बताया कि यदि आत्मविश्वास रखा जाए तो जल्द ही स्वस्थ हो सकते हैं। उन्हें विश्वास था कि वे इस बीमारी को हरा देंगी। वृद्धा के तीन बेटे हैं और कृषि व्यवसाय से जुड़े हुए हैं।