
---नईदुनिया एक्सक्लूसिव----
राज्यसभा सदस्य दिग्विजयसिंह ने कांग्रेस नेताओं को दिया आश्वासन
-नीमच मंडी अध्यक्ष और दो अन्य के खिलाफ पूर्व से दर्ज हैं प्रकरण
जसवंत पुरोहित
नीमच। नईदुनिया प्रतिनिधि
हरवार के किसान सुनील धानुक और परिवार की आत्महत्या का मामला राष्ट्रीय अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग में उठाया जाएगा। आयोग में प्रकरण दर्ज कराकर परिवार को न्याय दिलाया जाएगा। यह आश्वासन पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य दिग्विजयसिंह ने दिया है। उन्होंने स्थानीय कांग्रेस नेताओं द्वारा यह मामला जानकारी में लाने के बाद दिया है।
हरवार के किसान सुनील धानुक (38) ने 17 मई को कनावटी में फांसी लगा ली थी। इसके पूर्व मल्हारगढ़ के समीप ट्रेन की चपेट में आने से 2 मई को सुनील की पत्नी संतोषबाई (36), बेटी पीयूष (4) और बेटे ऋतिक (1) की मौत हो गई थी। इस पूरे मामले में शुरुआती दौर से नीमच मंडी अध्यक्ष राजू निरंजन तिवारी तथा दो अन्य पर आरोप लगे। कुचड़ौद में सुनील की पट्टे की कृषि भूमि पर कब्जे की बात सामने आई, लेकिन अब तक जिला और पुलिस प्रशासन ने मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
मामले को लेकर बुधवार सुबह कांग्रेस के जिला महामंत्री देवेंद्रसिंह परिहार व मंडी संचालक राजेंद्रसिंह तोमर सहित अन्य पूर्व सीएम और राज्यसभा सदस्य दिग्विजयसिंह से मिले। उन्हें समूचे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि मंडी अध्यक्ष भाजपा से जुड़े हैं। इस कारण पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल रहा है। इस पर पूर्व सीएम सिंह ने उचित कदम उठाने का भरोसा दिया। कार्रवाई के लिए मामले को राष्ट्रीय अजा-जजा आयोग में उठाने की बात कही। कांग्रेस नेता परिहार ने बताया कि सुनील धानुक व परिवार के सदस्यों की मौत के मामले में मंडी अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई होना चाहिए। इसी मांग को लेकर हम पूर्व सीएम से मिले थे। उन्होंने उचित कार्रवाई कराने का भरोसा दिया है।
प्रकरण में अब तक यह स्थिति
- कलेक्टर ने 17 मई को नीमच एसडीएम को मामले में दंडाधिकारी जांच के निर्देश दिए थे, लेकिन एसडीएम के तबादले के बाद से यह जांच भी थमी हुई है।
- पुलिस ने मंडी अध्यक्ष तथा दो अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है, लेकिन आगे कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। पुलिस इसका कारण कानून एवं व्यवस्था की व्यस्तता का हवाला दे रही है।
हरवार के किसान सुनील धानुक और परिवार के सदस्यों की मौत के मामले में परिवार को न्याय दिलाया जाएगा। स्थानीय साथियों ने मामला मेरे सामने रखा है। मैं खुद मामले को राष्ट्रीय अजा आयोग में लेकर जाऊंगा।
-दिग्विजयसिंह, राज्यसभा सदस्य