-पाठक मंच नीमच की समीक्षा गोष्ठी में प्रोफे सरों ने व्यक्त किए विचार
नीमच। पाठक मंच नीमच की समीक्षा गोष्ठी गत दिनों हुई। प्रारंभ प्रो. निरंजन गुप्त राही ने किया। उन्होंने समाजवादी विचारों के अध्येता शंकर शरण की पुस्तक भारतीय इतिहास दृष्टि और मार्क्सवादी लेखन की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि समीक्षाधीन पुस्तक लेखन ने केवल मार्क्सवादी इतिहास लेखन की आलोचना के दृष्टिकोण से ही लिखी है। इस पुस्तक के कई बिंदु विवादास्पद हैं, जिन पर लंबी बहस की जाती रही है। ओमप्रकाश चौधरी ने कहा कि शंकर शरण स्वयं समाजवादी विचारों के अध्येता रहे हैं और उन्होंने इससे संबंधित विचारों का गहन अध्ययन और अध्यापन किया है। यह आरोप हमेशा लगते रहे हैं कि स्वतंत्रता के बाद मार्क्सवादी इतिहासकारों द्वारा भारत के इतिहास का पक्षपात पूर्ण लेखन किया गया है। डॉ. सुरेंद्र शक्तावत ने भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने शंकर शरण की पुस्तक में भारतीय इतिहास दृष्टि की समुचित व्याख्या करते हुए बताया कि भारतीयों के इतिहास बोध को जानबूझकर नकारा गया है। उसकी गलत व्याख्या प्रस्तुत की गई। आंख मूंद कर पश्चिमी अवधारणाओं को भारतीय इतिहास पर लादा गया।
लक्ष्मीनाथ मंदिर में फाग महोत्सव 23 को
जावद। नगर के लक्ष्मीनाथ चौक स्थित लक्ष्मीनाथ मंदिर में 23 मार्च को फाग महोत्सव होगा। एकादशी आरती मंडल के तत्वावधान में होने वाले महोत्सव के लिए मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। मंडल के सदस्यों ने बताया कि 23 मार्च को सुबह 5 बजे मंगला आरती, 5.50 बजे अभिषेक, 7.30 बजे श्रृंगार आरती, 11.30 बजे राजभोग आरती, दोपहर 3.30 बजे उत्थापन, शाम 4 से 5 बजे तक द्वादश अक्षर मंत्र जाप किए जाएंगे। इसके उपरांत मंदिर में ध्वजारोहण के साथ फाग महोत्सव की शुरुआत होगी। इसमें अठाना के भजन गायक रवि वर्मा द्वारा सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। रात आठ बजे भगवान लक्ष्मीनाथ की महाआरती कर प्रसादी का वितरण किया जाएगा।
गोवा के सीएम पर्रिकर को श्रद्धांजलि
नीमच। भारतीय जनता पार्टी ने गोवा के मुख्यमंत्री व पूर्व रक्षामंत्री स्व. मनोहर पर्रिकर को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान विधायक दिलीप सिंह परिहार ने पर्रिकर के जीवन पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष हेमंत हरित, नपाध्यक्ष राकेश जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष अवंतिका जाट, जिला महामंत्री वीरेंद्र पाटीदार, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भीमावत, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मीना जायसवाल, अजा मोर्चा अध्यक्ष पवन भील, रामेश्वर धनगर, आसिफ खान, कार्यालय मंत्री विनोद नागदा सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे।
फोटो- 19एनएमएच-39, स्व. पर्रिकर को श्रद्धाजलि अर्पित करते भाजपाई।
नगर पाटीदार समाज का होली मिलन समारोह 21 को
नीमच। नगर पाटीदार समाज का होली मिलन समारोह 21 मार्च को होगा। समाज अध्यक्ष यमुना प्रसाद पाटीदार ने बताया कि समारोह सुबह 11 बजे ग्वालटोली स्थित पाटीदार छात्रावास में रखा है। इस दौरान समाजजन रंग-गुलाल से होली खेल एक-दूसरे को शुभकामनाएं देंगे। शाम 5.30 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके उपरांत सामूहिक सहभोज होगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहेंगे।