-शहरी क्षेत्र में 3 व ग्रामीण क्षेत्र में 2-2 पारी में दे रहे सेवाएं
नीमच (नईदुनिया प्रतिनिधि)। लॉकडाउन में पुलिस के साथ सुरक्षा समिति के सदस्य भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। बघाना थाना क्षेत्र के 29 गांवों में 200 से अधिक सुरक्षा समिति के सदस्यों ने मोर्चा संभाल रखा है। इनके द्वारा शहर में 3-3 व गांवों में 2-2 पारियों में सेवाएं दी जा रही हैं।
उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव व रोकथाम के लिए देशभर के साथ जिले में भी लॉकडाउन जारी है। इस दौरान लोगों को घरों से बाहर निकलने से रोकना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती थी। पुलिस ने इस चुनौती को स्वीकार करते हुए लोगों से घरों में ही रहने की अपील की। लोगों को लॉकडाउन का पालन कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा समिति के सदस्यों की सहायता भी ली। इसी कड़ी में बघाना क्षेत्र व बघाना थाना क्षेत्र में आने वाले 29 गांवों में 200 से अधिक सुरक्षा समिति के सदस्य तैनाती से व्यवस्था संभाल रहे हैं। सुरक्षा समिति के सदस्य चिरंजीवलाल शर्मा महुड़िया वाले ने बताया कि बघाना शहर में करीब 158 सुरक्षा समिति के सदस्य सेवा दे रहे हैं। इनमें ज्यादा सदस्य गांवों के हैं। इस प्रकार से सुरक्षा समिति के सदस्य शहर में 8-8 घंटे व ग्रामीण क्षेत्र में 12-12 घंटे सेवाएं दे रहे हैं। इनके द्वारा लोगों को कोरोना वायरस से बचाव के लिए जागरूक करने के साथ ही घरों में ही रहने की समझाइश भी दी जा रही है।
एनसीसी के युवा भी जुटे सेवा में-
शहर में एनसीसी से जुड़े युवा भी सेवाएं दे रहे हैं। इनके द्वारा शहर में लोगों को लॉकडाउन का पालन करने से लेकर कोरोना संक्रमण के बचाव तक के सुझाव भी दिया जा रहा है। शहर में सैकड़ों की संख्या में एनसीसी युवा शहर के प्रमुख चौराहों पर तैनात होकर व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं। इन कार्य में सीनियर अंडर ऑफिसर नितेश नागदा, अंडर ऑफिसर शुभम, सार्जेंट यशवंत जटिया, राकेश बनवाड़िया सहित बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट शहर के विभिन्ना क्षेत्रों में सेवाए दे रहे हैं।
सुरक्षा समिति के सदस्य भी जागरूक-
सुरक्षा समिति के सदस्य कोरोना संक्रमण को लेकर पूरी तरह से जागरूक है। इनके पास मास्क, सैनिटाइजर, हाथों के दस्ताने सहित अन्य उपकरण मौजूद है। इनके द्वारा शारीरिक दूरी का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। साथ ही लोगों को इसके प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
एनसीसी कैडेट व नगर सुरक्षा समिति के सदस्य पुलिस का सहयोग कर हैं। वे सहयोगी की भूमिका को निर्वहन करते हुए कोरोना वायरस के बीच जिलेभर के विभिन्ना क्षेत्रों में प्राथमिकता से सेवाएं देकर नागरिकों को आवाजाही के दौरान रोक रहे हैं। पुलिस अधिकारी कैडेट व समिति के साथियों को मार्गदर्शित कर रहे हैं। उन्हें मास्क, दस्ताने व सैनिटाइजर भी उपलब्ध कराया गया है। -राकेश मोहन शुक्ला, सीएसपी
फोटो-
11एनएमएच-31, एनसीसी कैडेट शहर के प्रमुख चौराहों पर सेवाएं दे रहे हैं।
11एनएमएच-32, नीमच जिले में पुलिस के सहयोगी की भूमिका में नगर सेवा के सदस्य सेवाएं दे रहे हैं।