नीमच में पति की दूसरी शादी रोकने पहुंची पत्नी, लाठी-डंडों और पत्थरों से हमले का आरोप; मामला दर्ज
नीमच में पति की दूसरी शादी की सूचना पर पहुंची महिला और स्वजनों से मारपीट का आरोप लगा। कार में तोड़फोड़ के बाद महिला ने एसपी कार्यालय में शिकायत की।
Publish Date: Sun, 20 Sep 2026 02:14:21 PM (IST)Updated Date: Sun, 20 Sep 2026 02:14:21 PM (IST)
नीमच में पति की दूसरी शादी रोकने पहुंची पत्नी। (फाइल फोटो)HighLights
- पति की दूसरी शादी की सूचना पर महिला कुंडालिया पहुंची।
- महिला ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों से हमला करने आरोप लगाया।
- हमले के दौरान कार में भी तोड़फोड़ करने की शिकायत।
नईदुनिया प्रतिनिधि, नीमच: पति की दूसरी शादी की सूचना पर पहुंची महिला और स्वजनों से दूसरे पक्ष ने मारपीट की है। कार में भी तोड़फोड़ की है। इस मामले में महिला ने एसपी कार्यालय में स्वजनों के साथ पहुंचकर शिकायत की है और कार्रवाई की मांग की है। यह घटना शुक्रवार शाम जिले के ग्राम कुंडालिया में हुई थी, जिसमें महिला ने शनिवार शाम को शिकायत की है।
बेटी के जन्म के बाद से परेशान करने का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मोरवन निवासी कविता बंजारा का शादी कुछ वर्ष पूर्व ग्राम पोखरदा के जीतमल बंजारा से हुई थी। उनकी बेटी मिष्ठी भी है। कविता बंजारा का आरोप है कि बेटी के जन्म के बाद से उसे पति जीतमल व अन्य स्वजन परेशान करते थे, जिसे देख वह स्वजनों के साथ मायके मोरवन आ गई।
दूसरी शादी की सूचना पर पहुंची तो लाठी-डंडों से हमला
- 18 सितंबर को सूचना मिली थी कि जीतमल दूसरी शादी कर रहा है। इसी सूचना पर कविता स्वजनों के साथ मनासा विकासखंड के ग्राम कुंडालिया पहुंची तो जीतमल बंजारा के पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। कार में भी तोड़फोड़ की।
- इस घटना के बाद कविता और स्वजनों ने शनिवार को जिला मुख्यालय पर एसपी कार्यालय में पहुंचकर विरोध प्रदर्शन कर शिकायत की है और दूसरे पक्ष के लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराने की मांग की है।
ग्यारह लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत
कविता बंजारा ने दूसरे पक्ष के गोपाल, उंकार, प्रकाश, जीवन, तूफान, श्यामा, राहुल, शैतान, विक्रम, मुकेश व विक्रम सिंह के खिलाफ नामजद शिकायत की है। इन आरोपों पर दूसरे पक्ष की बात सामने नहीं आई है। पुलिस ने जांच के बाद उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।