
नईदुनिया प्रतिनिधि, नीमच। जिले में डोडाचूरा से भरी एक कार नहर में फंस गई। वहीं चालक ने मौके से फरार होने का प्रयास किया, जिसे वर्षा के बीच खेतों में पीछाकर पकड़ा गया। तलाशी में कार से एक क्विंटल 86 किलो से अधिक डोडाचूरा मिला है, जिसके संबंध में गहनता से पूछताछ की जा रही है।
यह कार्रवाई केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो मप्र (सीबीएन) ने देर रात जिले के मनासा क्षेत्र के ग्राम जालीनेर के समीप की है। सीबीएन को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक लग्जरी कार की मदद से डोडाचूरा की तस्करी की जा रही है। इस सूचना के बाद सीबीएन की विशेष टीम ने ग्राम जालीनेर के समीप नाकाबंदी की।
नाकेबंदी के दौरान संदिग्ध कार दिखाई देने पर टीम ने रोकने का प्रयास किया तो चालक ने कार पलटाकर भागने का प्रयास किया। इस कोशिश के दौरान चालक ने कार से सीबीएन के वाहन को टक्कर मार दी और इसके बाद भागने के प्रयास में वह कार का नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार एक नहर में जा फंसी। कार के दुर्घटनाग्रस्त होने पर चालक ने अंधेरे और वर्षा का फायदा उठाकर खेतों की ओर दौड़ लगा दी, जिस पर सीबीएन की टीम ने खेतों में काफी दूर तक पीछाकर चालक को पकड़ा।
यह भी पढ़ें- आलोट के लाल का कमाल... तेजास्त्र के विकास में वैज्ञानिक आदित्य मांदलिया ने निभाई अहम भूमिका, पीएम मोदी ने की सराहना
नहर से कार निकालकर सीबीएन के अमले ने तलाशी ली तो कार से 11 प्लास्टिक के कट्टों में भरा एक क्विंटल 86 किलो 680 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ, जिस पर कार और डोडाचूरा जब्त कर आरोपित चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है। डोडाचूरा लाने, ले जाने और उपलब्ध कराने वालों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।