
नईदुनिया प्रतिनिधि, नीमच। मनासा क्षेत्र के ग्राम चपलाना और बड़कुआ के बीच रामदेवजी मंदिर के पास सोमवार को एक तूफान वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वाहन में सवार 10 लोग घायल हो गए। सभी घायल रतन पिपलिया, तहसील मल्हारगढ़, जिला मंदसौर के निवासी बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार रतन पिपलिया से मालवीय समाज के लोग तूफान वाहन से भमेसर में गमी के कार्यक्रम में बैठने एवं अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान चपलाना-बड़कुआ के बीच रामदेवजी मंदिर के पास अंधे मोड़ पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन पलटी खा गया।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 मौके पर पहुंची। डायल 112 में तैनात पायलट राहुल भट्ट एवं अजय प्रताप सिंह तथा ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल मनासा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा सभी का उपचार किया जा रहा है।
प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों को गंभीर चोटों के चलते नीमच जिला अस्पताल रेफर किया गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।