
नईदुनिया प्रतिनिधि, पन्ना। पन्ना जिले के अजयगढ़ क्षेत्र के ग्राम भापतपुर मजरा पथरियान में शनिवार को एक 65 वर्षीय बुजुर्ग किसान पर भालू ने हमला कर दिया। बुजुर्ग ने करीब 10 मिनट तक भालू से संघर्ष किया और अपनी जान बचाई। हमले के बाद उन्हें जिला अस्पताल पन्ना रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार भापतपुर मजरा पथरियान निवासी 65 वर्षीय पुरुषोत्तम आदिवासी पिता कुटुआ आदिवासी शनिवार को शौच के लिए गए थे। रास्ते में झाड़ियों में छिपे भालू ने उन पर अचानक हमला कर दिया। भालू के हमले के बाद पुरुषोत्तम ने अपनी जान बचाने के लिए उससे मुकाबला किया। उन्होंने भालू को कसकर पकड़ लिया।
इस दौरान भालू ने बुजुर्ग के हाथ को अपने दांतों से बुरी तरह काट लिया। लगभग 10 मिनट तक चले इस संघर्ष के दौरान पुरुषोत्तम लगातार चिल्लाते रहे, जिससे भालू डरकर जंगल की ओर भाग गया। हमले के बाद लहूलुहान हालत में पुरुषोत्तम अपने घर पहुंचे।
यह भी पढ़ें- वीडियो कॉल पर कपड़े उतरवाए, फिर ब्लैकमेल कर किया दुष्कर्म, पन्ना में दो आरोपी गिरफ्तार; तीसरा फरार
स्वजनों ने उन्हें तुरंत अजयगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल पन्ना रेफर कर दिया। वहां उनका उपचार जारी है। इस घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में भालू की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।