
नईदुनिया प्रतिनिधि, पन्ना। जिले के देवेंद्रनगर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिलगी में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत में शौच के लिए गए एक बुजुर्ग पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक तौर पर ग्रामीणों ने इसे बाघ का हमला बताया, लेकिन वन विभाग का कहना है कि हमला तेंदुए द्वारा किए जाने की आशंका है।
जानकारी के अनुसार, जौहरिया रजक (65 वर्ष), पिता रामप्रसाद रजक, निवासी ग्राम सिलगी, सुबह खेत की ओर शौच के लिए गए थे। इसी दौरान पीछे से आए जंगली जानवर ने उन पर हमला कर दिया। बुजुर्ग के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद जंगली जानवर जंगल की ओर भाग गया।
घायल जौहरिया रजक को परिजन तत्काल ऑटो से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवेंद्रनगर लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल पन्ना रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि रेफर किए जाने के बावजूद 108 एंबुलेंस की सुविधा नहीं मिली, जिसके कारण उन्हें गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को ऑटो से ही जिला अस्पताल लाना पड़ा। फिलहाल जिला अस्पताल में उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। शुरुआत में परिजनों ने वन विभाग पर अस्पताल नहीं पहुंचने का आरोप लगाया, हालांकि देवेंद्रनगर रेंजर ने फोन पर बताया कि प्रथम दृष्टया हमला तेंदुए द्वारा किए जाने की आशंका है। उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम जिला अस्पताल पहुंची, घायल को तत्काल सहायता स्वरूप 2 हजार की आर्थिक मदद प्रदान की गई तथा घटना क्षेत्र में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें- कुत्ते के काटने के बाद सांड हुआ बेकाबू, बाजार में चार घंटे मचाया उत्पात, रेबीज की आशंका
रेंजर ने बताया कि पूरे क्षेत्र में सूचना दे दी गई है कि लोग अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और विशेष सावधानी बरतें। वहीं वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर हमले की जांच कर रही है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। घटना के बाद सिलगी और आसपास के गांवों में भय का माहौल है।