_m.webp)
रमेश अग्रवाल, पन्ना। भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देशों के तहत लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम ने 23 नवंबर 2026 को पन्ना में बड़ी ट्रैप कार्रवाई की। इस कार्रवाई में उद्यान विभाग के सहायक संचालक प्रदीप श्रीवास्तव एवं उनकी पत्नी रवि खरे को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। कार्रवाई आरोपी के शासकीय आवास एफ-3, पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने जिला पन्ना में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदक भागवत साहू पिता दयाशंकर साहू, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम मनकी तहसील पवई जिला पन्ना ने वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के अंतर्गत ऑयल मिल स्थापित करने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा पन्ना से 5 लाख 94 हजार रुपये का ऋण लिया था। वहीं उनकी पत्नी श्रीमती गेंदा बाई साहू ने आटा एवं ऑयल मिल के लिए भारतीय स्टेट बैंक शाखा पवई से 6 लाख 30 हजार रुपये का ऋण लिया था।
योजना के तहत भागवत साहू को 2 लाख 31 हजार 280 रुपये तथा उनकी पत्नी को 2 लाख 20 हजार 500 रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई थी। आरोप है कि सहायक संचालक उद्यान प्रदीप श्रीवास्तव ने प्राप्त सब्सिडी में से 2 लाख रुपये रिश्वत के रूप में मांगे थे। साथ ही रिश्वत नहीं देने पर सब्सिडी की राशि बैंक में वापस किए जाने संबंधी पत्र पर कार्रवाई नहीं करने तथा बैंक को इस संबंध में पत्र जारी करने के एवज में भी रिश्वत की मांग की जा रही थी।
इससे परेशान होकर आवेदक भागवत साहू ने लोकायुक्त कार्यालय सागर में पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत का विधिवत सत्यापन किए जाने के बाद लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम ने 23 नवंबर को योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रदीप श्रीवास्तव एवं उनकी पत्नी श्रीमती रवि खरे को उनके शासकीय आवास पर 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
इस सफल ट्रैप कार्रवाई में ट्रैपकर्ता अधिकारी निरीक्षक रोशनी जैन एवं लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम शामिल रही। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
लोकायुक्त पुलिस सागर संभाग ने आम नागरिकों से भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों के लिए आगे आने की अपील की है। शिकायत दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर 8435794333 पर संपर्क किया जा सकता है।