
पन्ना न्यूज। विंध्याचल पर्वत श्रृंखला की गोद में बसे पन्ना की धार्मिक पहचान करीब 400 साल पुरानी पृथ्वी परिक्रमा की परंपरा से जुड़ी हुई है। प्रकृति संरक्षण, विश्व कल्याण और सांप्रदायिक सद्भाव का संदेश देने वाली इस परंपरा का निर्वहन कार्तिक पूर्णिमा पर पूरी श्रद्धा के साथ किया गया। मंगलवार को श्री 5 पद्मावती पुरी धाम में आयोजित इस परिक्रमा में देश के विभिन्न राज्यों के साथ नेपाल और कनाडा सहित विदेशों से हजारों सुंदरसाथ, साधु-संत और श्रद्धालु शामिल हुए।
करीब 30 किलोमीटर की इस धार्मिक यात्रा में श्रद्धालुओं ने नदी, पहाड़ियों और जंगलों से होकर पन्ना धाम की परिक्रमा की। सुबह से ही भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा मार्ग भक्तिमय नजर आया। इस दौरान जगह-जगह लगाए गए सेवा शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए भोजन, नाश्ते और पेयजल की निशुल्क व्यवस्था भी की गई।
प्रणामी धर्म की मान्यताओं के अनुसार, करीब 400 वर्ष पहले महामति श्री प्राणनाथ जी ने विंध्याचल पर्वत श्रृंखला के इस प्राकृतिक और आध्यात्मिक महत्व वाले क्षेत्र को अपनी कर्मभूमि बनाया था। उन्होंने पन्ना नगरी बसाई और बुंदेलखंड के महान शासक महाराजा छत्रसाल जी का राजतिलक कर उन्हें पन्ना का महाराजा बनाया।
इसके बाद से ही पन्ना प्रणामी धर्म के अनुयायियों की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां कार्तिक पूर्णिमा पर होने वाली पृथ्वी परिक्रमा इसी ऐतिहासिक और धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
शरद पूर्णिमा के ठीक एक महीने बाद कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित होने वाली यह परिक्रमा करीब 30 किलोमीटर लंबी होती है। श्रद्धालु किलकिला नदी, पहाड़ियों, नदी-नालों और घने जंगलों से होकर पन्ना धाम की परिक्रमा करते हैं।
मंगलवार सुबह छह बजे चारों मंदिरों की परिक्रमा के साथ धार्मिक आयोजन की शुरुआत हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं का जत्था कौआ सेहा से किलकिला नदी, चौपड़ा मंदिर और खेजरा मंदिर की ओर आगे बढ़ा। पूरे रास्ते भजन-कीर्तन और धार्मिक जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
पृथ्वी परिक्रमा में शामिल श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्थानीय नागरिकों के साथ बाहर से आए श्रद्धालुओं ने भी अलग-अलग स्थानों पर सेवा शिविर लगाए। इन शिविरों में चाय, नाश्ता, भोजन और पेयजल की निशुल्क व्यवस्था की गई।
सेवा कार्य में बड़ी संख्या में लोगों ने सहयोग किया। श्री 108 प्राणनाथ मंदिर ट्रस्ट ने परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सेवा करने वाले सभी सेवाभावी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
पन्ना की यह ऐतिहासिक परिक्रमा धार्मिक पर्यटन के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसे गोवर्धन पर्वत और चित्रकूट धाम की परिक्रमा की तर्ज पर देश के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थलों में शामिल करने की जरूरत है।
इसके लिए परिक्रमा मार्ग पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, विश्राम स्थल और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं विकसित करनी होंगी। बेहतर व्यवस्थाएं होने पर देशभर से अधिक श्रद्धालु यहां पहुंच सकेंगे। इससे पन्ना में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।
इस प्राचीन परंपरा को सुरक्षित रखने के लिए पूरे परिक्रमा मार्ग का सर्वेक्षण कर आधिकारिक नक्शा तैयार करने की आवश्यकता जताई गई है। परिक्रमा मार्ग का कुछ हिस्सा उत्तर वन मंडल के अंतर्गत आता है। वहीं, इंद्रपुरी कॉलोनी के आगे लोकपाल सागर तालाब और पहाड़ी क्षेत्र से होकर भी यह मार्ग गुजरता है।
ऐसे में वन विभाग, राजस्व विभाग, नगर पालिका और जिला प्रशासन को मिलकर मार्ग का सीमांकन कराना चाहिए। इससे भविष्य में अतिक्रमण और जमीन से जुड़े विवादों की आशंका को रोका जा सकेगा। साथ ही, इस ऐतिहासिक धार्मिक परंपरा को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।