
नईदुनिया प्रतिनिधि पन्ना(Panna Tiger Reserve)। मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व में बाघ परिवार को जिप्सियों से घेरकर तस्वीरें खींचने और शोर मचाने का वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रबंधन सकते में है। उसने वीडियो में दिखाई दे रहे पांच वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित कर दिया है। सहायक संचालक को मामले की जांच करने के निर्देश भी दिए हैं।
पन्ना टाइगर रिजर्व की क्षेत्रीय संचालक अंजना सुचिता तिर्की के अनुसार करीब एक सप्ताह पहले का वीडियो वायरल होने के बाद मामला सामने आया है। स्पष्ट है कि पर्यटकों के साथ जिप्सी चालकों, गाइड ने भी मनमानी की है। वीडियो में दिख रहे जिम्मेदारों का पार्क में प्रवेश फिलहाल प्रतिबंधित किया गया है।

वीडियो में दिखाई दे रहा है कि पांच जिप्सी के चालकों ने बाघ और बाघिन को दोनों ओर से घेर लिया। उनके निकलने के लिए स्थान नहीं छोड़ा। ऐसे हालात काफी देर तक बने रहे। इसी बीच जिप्सियों में सवार 50 से अधिक पर्यटकों ने तस्वीरें खींचने के लिए बार-बार शोर मचाया।

इससे बाघ परिवार काफी देर तक असहज स्थिति में रहा। ऐसे में बाघ आक्रामक होकर पर्यटकों पर हमला भी कर सकते थे। संभव है सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तब टाइगर रिजर्व के प्रबंधन पर ठीकरा फोड़ने का प्रयास किया जाता।
पिछले सप्ताह इस प्रकार का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें दिख रहा था कि पर्यटकों की जिप्सियों के बीच बाघ फैमली चलए हुये दिख रही है। इस पूरे घटनाक्रम पर ए.डी. मंडला को इस घटना की जांच के निर्देश दिये गये थे एवं जिप्सी संचालक, ड्राईवरों एवं गाईड पर आर्थिक दंड देकर कार्रवाही की गई है। उक्त जिप्सी गाड़ियों को एक निश्चित समय के लिए पार्क में प्रतिबंधित किया गया है। भविष्य में इस बात को सुनिश्चित किया जाएगा कि जो टाइगर रिजर्व के दिशा निर्देश है उसी के अनुसार भ्रमण करवाया जाए। - अंजना सुचिता तिर्की, क्षेत्र संचालक पन्ना टाइगर रिजर्व पन्ना।