रायसेन के जंगल में भालू का खूनी हमला; लकड़ी लेने गए ग्रामीण को मार डाला, चेहरा और आंखें नोचीं
रायसेन के बाड़ी थाना क्षेत्र के पाली गांव में लकड़ी लेने गए 50 वर्षीय ग्रामीण गुड्डू धानक पर भालू ने हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
Publish Date: Fri, 11 Sep 2026 07:49:23 PM (IST)Updated Date: Fri, 11 Sep 2026 07:49:23 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- रायसेन के बाड़ी थाना क्षेत्र के पाली गांव में लकड़ी लेने गए व्यक्ति पर हमला
- 50 वर्षीय ग्रामीण गुड्डू धानक पर भालू ने हमला कर दिया उसकी जान ले ली
- घटनास्थल पर भालू के पंजों के निशान और शव पर लगे घावों से हुआ खुलासा
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायसेन। जंगल में लकड़ी लेने गए एक ग्रामीण की भालू के हमले में मौत हो गई। भालू के हमले में ग्रामीण का चेहरा सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ। प्राप्त जानकारी अनुसार जिला मुख्यालय से 75 किमी दूर बाड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम पाली के जंगल में भालू के हमले से 50 साल के ग्रामीण की मौत हो गई।
मृतक की पहचान पाली निवासी गुड्डू धानक के रूप में हुई है।
गुरुवार से गायब था गुड्डू
बताया जा रहा है कि वे गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे जंगल में लकड़ी लेने गए थे, लेकिन जब देर रात तक घर नहीं लौटे तो परिजन चिंतित हो गए। उन्होंने पूरी रात तलाश की। शुक्रवार सुबह जब गुड्डू के भाई और बेटे उन्हें खोजने के लिए जंगल में पहुंचे तो यहां उसका शव मिला।
शव के चेहरे और शरीर पर जानवर के हमले के निशान थे। उनकी आंखें बाहर निकली हुई थीं और चेहरे का आधा हिस्सा गायब था। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
भालू के पंजों के निशान मिले
बाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और वन विभाग को जानकारी दी। वन विभाग की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर पगमार्ग और शव पर मिले चोट के निशानों की जांच की।
आसपास के पेड़ों पर भी भालू के पंजों के निशान मिले। जांच के बाद वन विभाग ने ग्रामीण की मौत भालू के हमले से होने की पुष्टि की।
गुड्डू धानक मजदूरी करते थे और अक्सर जंगल में लकड़ी लेने जाते थे। गुरुवार को जंगल जाने के बाद वह वापस नहीं लौटे। शुक्रवार को तलाश के दौरान उनका शव मिला। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।- जेपी त्रिपाठी, थाना प्रभारी, बाड़ी