
रायसेन( ब्यूरो) । शहर में दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर हुए विवाद ने शुक्रवार रात सवा 8 बजे उग्र रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते दोनों गुट आमने-सामने हो गए और जमकर पत्थराव की शुरुआत हो गई। इससे बाजार बंद हो गए और शहर में दहशत फैल गई। स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने अुगैस के गोले छोड़े व हवाई फायरिंग की। इस बीच आगजनी की घटना होने पर प्रशासन ने कर्फ्यू लगा दिया है और उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश जारी कर दिए। शनिवार को भी कर्फ्यू जारी है।
पुलिस फायरिंग में तीन लोग घायल हुए हैं। शहर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। आईजी भी रायसेन के लिए रवाना हो गए हैं। सबसे पहले गंज बाजार, महामाया चौक और फिर सब्जी मंडी में गुस्साए दूसरे समुदाय के लोगों ने उपद्रव शुरू कर दिया।
होशंगावाद संभाग के आईजी अजय शर्मा ने नवदुनिया को बताया कि पुलिस की चेतावनी के बाद भी उपद्रवी शांत नहीं हुए तो शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया है। उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश जारी किए गए हैं। विवाद क्या था जिसने उग्र रूप लिया? इस सवाल पर श्री शर्मा ने कहा कि अभी में रास्ते में हूं, विवाद की सही स्थिति क्या है, पहुंचकर ही बता पाऊंगा।
युवक को पीटने पर बिगड़ी स्थिति
बताया जा रहा है कि चौपड़ा मोहल्ले में किसी युवक को दूसरे पक्ष के लोगों द्वारा पीटने की बात पीड़ित पक्ष के लोग थाने पहुंचे। इनकी शिकाय के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। जैसे ही दूसरे पक्ष के लोगों को मामला दर्ज होने की जानकारी मिली वैसे ही मामला भड़क गया। देखते ही देखते महामाया चौक, बस स्टैंड और सागर तिराहे इलाके में भगदड़ मच गई। उपद्रवियों ने पथराव कर कई दुकानों में तोड़फोड़ की और वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया। शहर में तनाव की स्थिति देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और जगह -जगह पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस ने उपद्रवियों को शांत करने की कोशिश की लेकिन वे नहीं माने और सड़कों पर निकल आए।
सब्जी मंडी में लगाई आग
पुलिस की चेतावनी के बाद भी उपद्रवी नहीं माने तो पुलिस ने अुगैस के गोले और हवाई फायरिंग की। इसके बाद भी उपद्रवी सड़कों पर बने रहे और उपद्रव करते रहे। उपद्रवियों ने सब्जी मंडी इलाके में आग लगा दी और वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। पेट्रोल पंप में भी आग लगाने की कोशिश की। पंप के पास की दो दुकानों को आग के हवाले कर दिया। स्थिति को काबू में लाने के लिए हवाई फायर किए। मौके पर मौजूद पुलिस के अधिकारियों ने स्थिति से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।
उपद्रवियों को गोली मारने के आदेश
शहर में अराजकता की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने पूरे शहर में कर्फ्यू लगाने की घोषणा कर दी और उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश भी जारी कर दिए।
पुलिस फायरिंग में तीन घायल
उपद्रवियों ने गंज बाजार, नपा की दुकानों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। उपद्रवियों के बेकाबू होता देख पुलिस ने फायरिंग शुरू कर दी। टीन वाली मस्जिद के समीप तीन लोग पुलिस फायरिंग में घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया है।
सुरक्षा बल रवाना
बंगरसिया से भी रायसेन के लिए पुलिस फोर्स रवाना कर दिया गया है। वहीं विदिशा कलेक्टर एमबी ओझा ने बताया कि विदिशा से भी मामले को गंभीरता से लेते हुए 40 सुरक्षा बलों की टीम रायसेन रवाना कर दी गई है। रात 11 बजे के बाद समूचा रायसेन शहर पूरी तरह से छावनी में तब्दील कर दिया गया।
स्थिति नियंत्रण में
स्थिति नियंत्रण में है। तनावग्रस्त क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए है। चप्पे-चप्पे में सुरक्षा बल के जवान तैनात है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रतिबद्घ है।
मुकेश वैश्य,एडिशनल एसपी, रायसेन
संयम बरते लोग
लोगों से संयम बरतने की अपील की है। पूरे शहर में क्फर्यू लगाया है। पुलिस को शांति व्यवस्था कायम रखने के निर्देश दिए गए है। लोगों से अपील है कि वो अफवाहों पर ध्यान न दें।
-जेके जनै, कलेक्टर, रायसेन