MP के रायसेन की अंजना यादव ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी Mount Elbrus पर फहराया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस के दिन माउंट एल्ब्रुस के शिखर पर पहुंचकर फहराया तिरंगा। भोपाल शहर के आसपास की पहाड़ियों में की थी पर्वतारोहण की तैयारी।
By Navodit Saktawat
Edited By: Navodit Saktawat
Publish Date: Wed, 16 Aug 2023 06:37:57 PM (IST)
Updated Date: Wed, 16 Aug 2023 06:42:01 PM (IST)
माउंट एल्ब्रुस पर तिरंगा फहराकर न केवल रायसेन का बल्कि देश का नाम पूरी दुनिया में बढ़ाया है।रायसेन (नवदुनिया प्रतिनिधि)। मप्र की बेटी और पर्वतारोही अंजना यादव ने 15 अगस्त को यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस पर तिरंगा फहरा दिया है। 18,510 फीट ऊंची इस चोटी को फतह करने के लिए रायसेन निवासी अंजना आठ अगस्त को रवाना हुई थीं। वह बीपीएड प्रथम वर्ष की छात्रा हैं। अंजना इस अभियान के लिए तिरंगे झंडे के साथ झीलों का शहर स्वच्छ भोपाल स्लोगन वाला बैनर भी अपने साथ लेकर गई थीं। बता दें कि अंजना भोपाल नगर निगम की स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर भी हैं।
ऐसे किया पर्वतारोहण का अभ्यास
अंजना ने माउंट एल्ब्रुस फतह अभियान के लिए दीवानगंज की पहाड़ियों पर तैयारी की थी। उन्होंने बताया कि मैं रायसेन जिले की रहने वाली हूं। मेरे गांव में बहुत से छोटे-छोटे पहाड़ हैं। जिसमें सोनागिरि पहाड़, पचमढ़ी, हलाली बांध आदि जगहों पर तैयारी की। इसके अलावा भोपाल की मनुआभान टेकरी को कई बार चढ़कर अभ्यास किया। इसके साथ ही रोज 10 किलोमीटर साइकिल चलाती थी। छह किमी प्रतिदिन दौड़ना और तैरना इस अभियान को पूरा करने में मददगार साबित हुआ।
2021 से की पर्वतारोहण की शुरुआत
अंजना यादव ने 15 अगस्त 2021 को हिमाचल की यूनम पीक 20 हजार फीट को फतह किया। इसके बाद माउंट फ्रेंडशिप पीक 17,346 फीट, माउंट रैनो पीक 16,023 फीट, माउंट एवरेस्ट बेस कैंप 17,598 फीट, माउंट गोकू पीक 17,929 फीट और माउंट पतालशू पीक 13,800 फीट पर भी चढ़ाई कर ध्वजारोहण कर चुकी हैं।