
सुशील जैन, रायसेन। शहर में शुक्रवार रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद बिगड़ी फिजा में नफरत का ऐसा जहर घुला कि दूसरे दिन भी लोगों को कर्फ्यू के साए में रहना पड़ा। शनिवार को स्थिति नियंत्रण में रही, लेकिन तनाव बरकरार रहने से प्रशासन ने कर्फ्यू में कोई ढील नहीं दी। शुक्रवार रात उपद्रव करने वाले 27 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जैन मुनि विद्यासागरजी महाराज को रायसेन होते हुए विदिशा की ओर जाना था लेकिन उन्हें जिला मुख्यालय से छह किलोमीटर दूर पैमद गांव में रोक दिया है। वहीं यात्री बसों का रायसेन स्टॉपेज फिलहाल समाप्त कर दिया है।
बताया जाता है कि चौपड़ा मोहल्ले में एक युवक की पिटाई के बाद पुलिस की कार्रवाई से नाराज होकर पैदा हुआ तनाव का माहौल दूसरे दिन भी सामान्य नहीं हो सका । कर्फ्यू में कोई ढील नहीं दी गई । स्कूल-कॉलेज बंद रहे और सरकारी दफ्तरों में भी सन्नाटा पसरा रहा। जिला अस्पताल में व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं क्योंकि केवल दो डॉक्टरों के भरोसे हॉस्पिटल चल रहा है। शेष स्टॉफ अप-डाउन करने वाला होने से वह कर्फ्यू के चलते रायसेन नहीं आ पा रहा है।
जैन मुनि विद्यासागरजी महाराज को रायसेन होते हुए विदिशा जाना था लेकिन उन्हें पैमद गांव में रोक दिया है। उनकी सुरक्षा में काफी पुलिस बल लगा है और उन्हें कर्फ्यूग्रस्त रायसेन जिले की सीमा पार कराकर विदिशा में प्रवेश कराना पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती है।