नईदुनिया प्रतिनिधि, रायसेन। केंद्रीय कृषि मंत्री और क्षेत्रीय सांसद शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को रायसेन जिले के सिलवानी क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने बम्होरी, पड़रिया जोड़, बरदहा बम्होरी जोड़, सांईखेड़ा और सिलवानी गांवों में बाढ़ से हुई क्षति का जायजा लिया। सांईखेड़ा गांव में बाढ़ में डूबे खेतों और घरों का ब्यौरा देते हुए स्थानीय लोगों की आंखों में आंसू आ गए। यह देखकर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, यह दुख और तकलीफ की घड़ी है, लेकिन किसी को आंसू नहीं बहाना चाहिए।
केंद्र और राज्य सरकार पूरी ताकत से आपके साथ हैं और हरसंभव मदद दी जाएगी।शिवराज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नुकसान का सर्वे ईमानदारी से किया जाए और प्रभावितों को तत्काल राहत मुहैया कराई जाए। जिन किसानों ने फसल बीमा कराया है, उन्हें बीमा योजना के तहत क्षतिपूर्ति मिलेगी। दौरे के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पुल और जलनिकासी जैसी बुनियादी समस्याओं से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। खासकर पड़रिया कला चौराहे, मेघ नगर बस स्टैंड और इक्यावन नदी पर पुल की मांग प्रमुख रही।
केंद्रीय मंत्री शिवराज ने बम्होरी में मूंग उपार्जन केंद्र का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र प्रभारी व अधिकारियों को मूंग खरीदी में पारदर्शिता और तत्परता का निर्देश दिया। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि मूंग खरीदी में किसी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों की जांच होगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें... Bhopal में मांस-मछली पर बैन, बेचते हुए पकड़े गए तो रद्द हो जाएगा लाइसेंस, जानें कारण