रायसेन मंडी लूटकांड में खुलासा; व्यापारी का ऑपरेटर ही निकला मास्टरमाइंड, साजिश में साला भी शामिल
रायसेन कृषि उपज मंडी में व्यापारी मनोज राठौर की फर्म पर हुई लूट की साजिश ऑपरेटर शिवा गौर ने अपने साले घनश्याम कीर के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
Publish Date: Mon, 16 Nov 2026 11:04:11 AM (IST)Updated Date: Mon, 16 Nov 2026 11:04:11 AM (IST)
लूटकांड का आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। नईदुनियाHighLights
- व्यापारी का ऑपरेटर निकला लूट का मास्टरमाइंड:
- पहचान उजागर होने के डर से मुनीम पर हमला
- 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायसेन। कृषि उपज मंडी में व्यापारी मनोज राठौर की फर्म पर हुई सनसनीखेज लूट और मुनीम पदम सिंह यादव पर किए गए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। वारदात का मास्टरमाइंड कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि व्यापारी के यहां पिछले करीब डेढ़ साल से काम कर रहा ऑपरेटर शिवा गौर निकला। उसने अपने साले घनश्याम कीर के साथ मिलकर लूट की पूरी साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पहचान खुलने के डर से किया जानलेवा हमला
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के दौरान मुनीम पदम सिंह आरोपियों की पहचान कर सकते थे। इसी डर से दोनों ने उन पर बेरहमी से हमला कर दिया। आरोपियों ने ईंट से उनके चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनका चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एक आंख भी फूट गई। गंभीर रूप से घायल मुनीम को उपचार के लिए भोपाल के नर्मदा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस घटना ने पूरे शहर में आक्रोश पैदा कर दिया था।
वारदात के बाद मददगार बनकर घूमा
वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी शिवा गौर ने पुलिस और व्यापारी के परिजनों का संदेह खुद पर न जाए, इसके लिए सामान्य व्यवहार करने की कोशिश की। वह घायल मुनीम को व्यापारी मनोज राठौर के परिजनों के साथ भोपाल के नर्मदा अस्पताल पहुंचाने भी गया। हालांकि, उसकी कुछ संदिग्ध गतिविधियों ने व्यापारी के मन में शक पैदा कर दिया।
बताया जा रहा है कि अगली सुबह व्यापारी के फोन करने पर जब शिवा वहां पहुंचा तो उसकी आंखें लाल थीं। वहीं, अस्पताल से लौटते समय गाड़ी में उसका सो जाना भी व्यापारी को खटका। इन परिस्थितियों के बाद व्यापारी और उसके परिजनों ने उसकी गतिविधियों पर गौर करना शुरू कर दिया।
गुटखे के पाउच और सीसीटीवी फुटेज बने अहम सुराग
संदेह गहराने पर व्यापारी और उनके परिजनों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान वहां गुटखे के खाली पाउच मिले, जिन्हें जांच के दौरान अहम सुराग के रूप में देखा गया। इसके बाद घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।
फुटेज में नजर आ रहे संदिग्धों की चाल-ढाल और शारीरिक बनावट का मिलान करने पर परिजनों को शिवा गौर पर शक हुआ। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
ऑपरेटर और उसका साला गिरफ्तार
व्यापारी और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और उपलब्ध साक्ष्यों एवं सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। जांच में शिवा गौर और उसके साले घनश्याम कीर की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। इस खुलासे के बाद मंडी में हुई लूट और मुनीम पर किए गए जानलेवा हमले की गुत्थी सुलझ गई है। पुलिस मामले में आरोपियों से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।